अमृतसर में AAP सरपंच के बेटे की हत्या |
पंजाब के अमृतसर जिले के चीते कलां गांव में गोलीबारी की घटना सामने आई है। यहां माथा टेकने पहुंचे तीरथ सिंह और उसके दोस्त रंजीत सिंह पर हमलावरों ने गोलियां चला दीं। इस हमले में तीरथ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रंजीत सिंह घायल हो गया। मृतक की मां गांव की सरपंच हैं और आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़ी बताई जा रही हैं।
पुरानी रंजिश में गोलीबारी का आरोप
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की है। तीरथ सिंह अपने दोस्त रंजीत सिंह के साथ माथा टेकने पहुंचा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं। तीरथ सिंह को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, रंजीत सिंह की जांघ में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है।
चार आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों की पहचान की है। इनमें गुरजंट, गोरा, हरकीरत उर्फ हॉकी और गुरदित्त सिंह के नाम शामिल हैं। इनके खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं।
राजनीतिक परिवार से जुड़ा है मृतक
तीरथ सिंह का परिवार राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा है। उसका भाई ब्लॉक समिति का सदस्य है, जबकि उसकी मां गांव की सरपंच हैं।
अमृतसर देहाती के SSP कवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला गैंगवार का नहीं, बल्कि निजी रंजिश का लग रहा है। पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।