Friday, November 13, 2026 07:45:02 PM

अमेरिका में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गिरफ्तार
अमेरिका में गिरफ्तार हुआ गैंगस्टर हिमांशु भाऊ, एल्विश यादव के घर पर फायरिंग में भी आया था नाम

अमेरिका में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गिरफ्तार। एल्विश यादव के घर पर फायरिंग समेत 30 से ज्यादा मामलों में आया नाम।

अमेरिका में गिरफ्तार हुआ गैंगस्टर हिमांशु भाऊ एल्विश यादव के घर पर फायरिंग में भी आया था नाम
अमेरिका में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गिरफ्तार |

अमेरिका में FBI ने भारत के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिमांशु पर दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी और हथियारों की तस्करी जैसे 30 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी मामले में एक अन्य भगोड़े नीरज फरीदपुरिया को भी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है।

लास वेगास में बनाया था ठिकाना

दिल्ली और हरियाणा पुलिस की कई टीमें हिमांशु भाऊ की तलाश में जुटी थीं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के एक सूत्र के अनुसार, तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर अमेरिका के लास वेगास में उसके ठिकाने का पता लगाया गया। इसके बाद उसकी लोकेशन अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा की गई, जिन्होंने गुरुवार शाम उसे गिरफ्तार कर लिया।

हिमांशु के खिलाफ इंटरपोल ने साल 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। हरियाणा पुलिस ने उस पर 2.5 लाख रुपये और दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

17 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में रखा कदम

24 वर्षीय हिमांशु भाऊ हरियाणा के रोहतक जिले के रिटौली गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि उसने 17 साल की उम्र में रोहतक की सब्जी मंडी इलाके में जबरन वसूली से अपराध की दुनिया में कदम रखा था।

रिटौली गांव के स्थानीय युवक सनी की हत्या के बाद साल 2020 में हिमांशु भाऊ हिसार के बाल सुधार गृह से करीब 20 अन्य लड़कों के साथ फरार हो गया था। इसके बाद उसका संपर्क जेल में बंद गैंगस्टर नीरज बवाना से हुआ। आरोप है कि उसने व्यापारियों को रंगदारी के लिए धमकाना शुरू किया और बाद में अपना गिरोह बना लिया।

24 घंटे में तीन हत्याओं के बाद चर्चा में आया

साल 2022 में हरियाणा में 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं में नाम सामने आने के बाद हिमांशु भाऊ चर्चा में आया। उस पर हत्या और हत्या की कोशिश समेत 30 से ज्यादा मामले दर्ज होने की बात कही गई है। इनमें 16 हत्या और हत्या की कोशिश से जुड़े मामले बताए जाते हैं।

उस पर व्यापारियों, शराब ठेकेदारों और प्रॉपर्टी कारोबारियों से रंगदारी मांगने और उन्हें डराने के लिए गोलीबारी कराने के आरोप भी हैं।

एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग में भी आया नाम

साल 2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ के गैंग ने ली थी। इसके अलावा दिल्ली के राजौरी गार्डन में बर्गर किंग आउटलेट पर हुई हत्या और एक कार शोरूम पर गोलीबारी जैसी घटनाओं में भी उसके गिरोह का नाम सामने आया था।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से दुश्मनी की चर्चा

हिमांशु भाऊ के नीरज बवाना और बंबीहा गैंग से करीबी संबंध बताए जाते हैं, जबकि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग से उसकी दुश्मनी मानी जाती है। उसका गिरोह दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में सक्रिय बताया जाता है।

हिमांशु पुर्तगाल में भी रह चुका है। उस पर विदेश में बैठकर गिरोह चलाने के आरोप हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसके गिरोह के सदस्य वर्चुअल नंबर और सोशल मीडिया के जरिए कारोबारियों से संपर्क कर रंगदारी मांगते थे।

कई एजेंसियां कर रही थीं तलाश

दिल्ली पुलिस, हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) समेत कई एजेंसियां हिमांशु भाऊ की तलाश कर रही थीं।

इसी मामले में पकड़े गए नीरज फरीदपुरिया के बारे में बताया गया है कि वह इस साल जमानत पर रिहा होने के बाद अपने टखने में लगा निगरानी ट्रैकर हटाकर गिरफ्तारी से बच रहा था।

अब अमेरिका में हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी के बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया पर नजर है। हालांकि, उसके प्रत्यर्पण और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें