ACP मनस्वी वशिष्ठ निलंबित, विवाद में नया मोड़ |
दिल्ली में शाहदरा थाना विवाद के बाद पुलिस और वकीलों के बीच शुरू हुआ टकराव अब नया मोड़ ले चुका है। पुलिसकर्मियों के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले ACP मनस्वी वशिष्ठ को गृह मंत्रालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हालांकि, निलंबन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दरअसल, शाहदरा में पुलिस और वकीलों के बीच हुए विवाद के बाद ACP मनस्वी वशिष्ठ और तत्कालीन SHO अरुण कुमार का तबादला निष्क्रिय यूनिटों में कर दिया गया था। इस फैसले से नाराज दिल्ली पुलिस के करीब 100 से 150 जवान सोमवार को पुराने पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शन में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं।
इस दौरान ACP मनस्वी वशिष्ठ ने पुलिसकर्मियों का नेतृत्व करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं। पुलिसकर्मियों की प्रमुख मांगों में ACP मनस्वी वशिष्ठ और SHO अरुण कुमार का तबादला रद्द करना, पुलिस और वकीलों के बीच विवाद से निपटने के लिए स्पष्ट SOP बनाना और प्रदर्शन में शामिल जवानों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करना शामिल था।
प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने पुलिस एकता और सम्मान के समर्थन में नारेबाजी भी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई और अर्धसैनिक बलों को भी तैनात करना पड़ा।
वहीं, ACP मनस्वी वशिष्ठ के निलंबन के बाद रोहिणी कोर्ट बार एसोसिएशन ने मंगलवार को प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने का फैसला किया। वकील संगठनों ने इससे पहले ACP के बयानों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए माफी की मांग की थी।
अब ACP मनस्वी वशिष्ठ के निलंबन के बाद दिल्ली पुलिस और वकीलों के बीच चल रहे विवाद पर सबकी नजरें टिकी हैं।