अखिलेश यादव की महिला योजना का बड़ा ऐलान |
राष्ट्रीय महिला समानता दिवस पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ की घोषणा की।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो महिलाओं को पूरी आजादी, सुरक्षा और सम्मान देने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।
इसके अलावा इंटर पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप और साइकिल देने की बात कही गई है। महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा और छात्राओं के लिए मेट्रो में मुफ्त सफर की सुविधा देने का भी वादा किया गया।
26 हजार स्कूल फिर खोलने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान बंद किए गए 26 हजार प्राइमरी स्कूल दोबारा खोले जाएंगे। सरकारी स्कूलों में फीस माफ करने और निजी स्कूलों में फीस को आधा करने की बात भी कही।
उन्होंने न्यूट्रिशन मिशन योजना दोबारा शुरू करने और आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने का भी ऐलान किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ आधी आबादी की पूरी आजादी का संकल्प है। उन्होंने 1090 हेल्पलाइन का जिक्र करते हुए कहा कि जापान से आए प्रतिनिधिमंडल को वही हेल्पलाइन दिखाई गई, जिसे समाजवादी सरकार के समय शुरू किया गया था।
महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा पर निशाना
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महिलाओं के खिलाफ अन्याय और अपराध को लेकर निशाना साधा। उन्होंने हाथरस, कानपुर और लखनऊ की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए नारी सिर्फ नारे तक सीमित रह गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून संसद से पास हो चुका है और समाजवादी पार्टी चाहती है कि इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से ही लागू किया जाए।
डिंपल यादव ने कही प्रतिनिधित्व की बात
सांसद डिंपल यादव ने कहा कि नारी शक्ति का विकास सिर्फ बातें करने से नहीं होगा, बल्कि महिलाओं को सच्चा प्रतिनिधित्व देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि PDA में शामिल आधी आबादी के रूप में हर महिला के सम्मान और समृद्धि को सुनिश्चित करना समाजवादी पार्टी का संकल्प है।
डिंपल यादव ने दिल्ली में हुए जेन-जी आंदोलन का भी जिक्र किया और कहा कि अखिलेश यादव ने उन्हें इसमें शामिल होने की अनुमति दी थी। उन्होंने महिलाओं से स्वतंत्र, आत्मनिर्भर और प्रखर बनने की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद इकरा हसन चौधरी, प्रिया सरोज, कई विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व एमएलसी और समाजवादी पार्टी की महिला इकाई की पदाधिकारी भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन वंदना मिश्रा ने किया।