यूपी कांग्रेस संगठन मजबूत करने की तैयारी |
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने अपने संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पूर्व आईएएस डॉ. राकेश वर्मा और साउथ की अभिनेत्री जारा खान ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में दोनों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद क्या बोले राकेश वर्मा?
पूर्व आईएएस डॉ. राकेश वर्मा ने कहा कि उनकी राहुल गांधी से मुलाकात हुई थी और वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से भी काफी प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि आज के समय में कई अधिकारी अपना काम करने के बजाय रील बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि अगर देश को बचाना है तो शिक्षा के क्षेत्र में काम करना होगा।
नोएडा डीएम और मजदूर से जुड़े मामले पर राकेश वर्मा ने कहा कि डीएम का काम मजदूर से बात करना है, न कि पुलिस को आगे करना। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी सरकार की जरूरत है, जो आम लोगों पर ध्यान दे।
अजय राय ने दोनों का किया स्वागत
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने डॉ. राकेश वर्मा और जारा खान का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों के अनुभव का फायदा कांग्रेस को मिलेगा।
अजय राय ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आम जनता से जुड़ने की अपील की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर भी हमला बोला। कार्यक्रम में प्रदेश के कई अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे।
यूपी में लगातार कांग्रेस से जुड़ रहे लोग
कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले दिनों भी अलग-अलग पार्टियों के कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली थी।
यूपी प्रभारी और एससी-एसटी मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व में भी लगातार अलग-अलग लोगों को संगठन से जोड़ने का काम जारी है।
कांग्रेस को उम्मीद है कि संगठन की इस मजबूती से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी। वहीं, गठबंधन को लेकर नेताओं की बयानबाजी भी अब थम चुकी है।