Friday, November 13, 2026 01:34:02 PM

लालकृष्ण आडवाणी ICU अस्पताल भर्ती
लालकृष्ण आडवाणी ICU में भर्ती, सीने में संक्रमण के बाद अस्पताल ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन

पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी सीने में संक्रमण के चलते दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

लालकृष्ण आडवाणी icu में भर्ती सीने में संक्रमण के बाद अस्पताल ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन
लालकृष्ण आडवाणी ICU अस्पताल भर्ती |

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण के चलते दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, उन्हें फिलहाल गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में रखा गया है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

डॉक्टरों की टीम लगातार कर रही निगरानी

अस्पताल के अनुसार, 98 वर्षीय लालकृष्ण आडवाणी का इलाज न्यूरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ कंसल्टेंट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है। फिलहाल उन्हें मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे दिल्ली के जसोला विहार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पीएम मोदी ने इसी महीने लिया था आशीर्वाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर को लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी और उनका आशीर्वाद लिया था। प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर पोस्ट कर आडवाणी के लंबे सार्वजनिक जीवन और देश के विकास में उनके योगदान की सराहना की थी।

पीएम मोदी ने लिखा था कि दशकों तक आडवाणी की जनसेवा और राष्ट्रीय जीवन में उनके योगदान ने अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने भारत की प्रगति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।

इस साल मई में भी उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण आडवाणी को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों तक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

बीजेपी को मजबूत बनाने में रही अहम भूमिका

लालकृष्ण आडवाणी भारतीय राजनीति के प्रमुख नेताओं में से एक रहे हैं। वह 1977 में बनी जनता पार्टी की सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री थे। साल 1980 में उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की।

वाजपेयी के बाद उन्होंने पार्टी की कमान संभाली और लंबे समय तक बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। उनके नेतृत्व में पार्टी ने अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत की। 1984 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को केवल 2 सीटें मिली थीं, जबकि 1998 में पार्टी 182 सीटों तक पहुंच गई।

आडवाणी सात बार लोकसभा के सदस्य चुने गए और उन्होंने ज्यादातर समय गुजरात की गांधीनगर सीट का प्रतिनिधित्व किया। वह 1998 से 2004 तक देश के गृह मंत्री और 2002 से 2004 तक उपप्रधानमंत्री रहे।

साल 2024 में लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। फिलहाल अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें