आकाश अग्रवाल की जीत की कहानी |
एमएलसी चुनाव में इस बार आगरा खंड शिक्षक सीट सबसे ज्यादा चर्चा में रही। इसकी बड़ी वजह रहे डॉ. आकाश अग्रवाल, जिन्होंने पिछली बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की थी। इस बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए उन्होंने जीत दर्ज की। हालांकि, उनकी जीत का रास्ता आसान नहीं था। टिकट मिलने से लेकर मतदान में गड़बड़ी के आरोप, सोशल मीडिया पर वायरल हुए आंसुओं के वीडियो और मतगणना के दौरान हुए हंगामे तक, इस चुनाव में कई ऐसे मोड़ आए जिन्होंने डॉ. आकाश अग्रवाल को सुर्खियों में बनाए रखा।
सपा के टिकट से शुरू हुआ नया सियासी सफर
आगरा खंड शिक्षक एमएलसी सीट पर दोबारा जीत हासिल करने के लिए डॉ. आकाश अग्रवाल चुनाव की घोषणा से पहले ही तैयारियों में जुट गए थे। वह अलग-अलग जिलों का दौरा कर शिक्षकों से संपर्क साध रहे थे। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने उनके नाम पर मुहर लगा दी।
तीन अक्टूबर को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रत्याशी बदलने का ऐलान करते हुए डॉ. आकाश अग्रवाल को आगरा खंड शिक्षक सीट से उम्मीदवार घोषित किया। इस फैसले ने न केवल आकाश अग्रवाल के चुनावी अभियान को नई दिशा दी, बल्कि मुकाबले को भी दिलचस्प बना दिया।
भाजपा की पूरी ताकत के सामने आकाश की चुनौती
इस चुनाव में डॉ. आकाश अग्रवाल के सामने भाजपा के प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी थे। उनके समर्थन में भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के कार्यकर्ता मैदान में उतर चुके थे। भाजपा ने अपनी पूरी संगठनात्मक ताकत झोंक दी थी।
वहीं, कुछ दिन पहले ही सपा में शामिल हुए डॉ. आकाश अग्रवाल के सामने इस मजबूत राजनीतिक मुकाबले में अपनी पकड़ साबित करने की चुनौती थी। दोनों पक्षों की ओर से प्रचार तेज था और सबकी निगाहें मतदान पर टिकी थीं।
मतदान के दिन रो पड़े आकाश अग्रवाल
23 अक्टूबर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। आगरा में मतदान के दौरान उस समय राजनीतिक हलचल बढ़ गई, जब दोपहर बाद डॉ. आकाश अग्रवाल कमिश्नरी कार्यालय पहुंचे और मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए फूट-फूटकर रोने लगे।
सपा प्रत्याशी ने मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके समर्थकों को परेशान किया जा रहा है और मतदान केंद्रों पर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने खेरागढ़ में पीठासीन अधिकारी के भोजन करने के दौरान सभी लोगों को बाहर निकाले जाने और छाता बूथ पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप भी लगाया। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों पर कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता करने और उन्हें परेशान करने के आरोप लगाए।
आकाश अग्रवाल ने कहा कि उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, मानो वह पाकिस्तान से आए कोई आतंकवादी हों। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है और वह ऐसे सनातन में नहीं रहना चाहते। भावुक होते हुए उन्होंने लखनऊ की शाही ईदगाह में जाकर धर्म परिवर्तन करने की बात भी कही।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें हार-जीत से फर्क नहीं पड़ता और वह आजाद भारत में रहते हैं। किस पार्टी से चुनाव लड़ना है, इसका फैसला वह खुद करेंगे। साथ ही उन्होंने मतदान के दौरान बूथ कैप्चरिंग जारी रहने का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ आंसुओं का वीडियो
मीडिया के सामने रोते हुए अपनी बात रखने वाले डॉ. आकाश अग्रवाल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस घटनाक्रम पर आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी प्रतिक्रियाएं दीं।
इसी बीच उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सपा प्रत्याशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आकाश अग्रवाल का समर्थन करते हुए भाजपा और प्रशासन पर निशाना साधा।
तीन बूथों पर दोबारा मतदान से बढ़ा विवाद
मतदान में गड़बड़ी को लेकर डॉ. आकाश अग्रवाल की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद चुनाव आयोग ने तीन बूथों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला किया। लापरवाही के आरोप में आयोग ने दो सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत छह कर्मचारियों को निलंबित करने का आदेश भी दिया।
26 अक्टूबर को इन बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया। इस दौरान भाजपा और सपा के कार्यकर्ता मतदान केंद्रों के बाहर सक्रिय रहे। हालांकि, इस बार पुलिस और प्रशासन की सख्ती दिखाई दी। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच छिटपुट कहासुनी और टकराव की घटनाओं के बीच मतदान संपन्न हुआ।
इसके बाद सभी प्रत्याशियों की निगाहें 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिक गईं।
मतगणना में बढ़त के साथ बढ़ा सियासी तनाव
27 अक्टूबर को आगरा की नवीन गल्ला मंडी में शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों के लिए मतगणना शुरू हुई। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा शिक्षक सीट के परिणाम को लेकर थी।
दोपहर बाद डॉ. आकाश अग्रवाल ने मीडिया के सामने दावा किया कि उन्होंने पहले चरण में बढ़त बना ली है। इसके बाद उन्होंने मतगणना रोके जाने और जानबूझकर देरी किए जाने का आरोप लगाया।
मतगणना आगे बढ़ी तो दूसरे चक्र के बाद आकाश अग्रवाल तीन हजार से अधिक वोटों से आगे हो गए। इससे सपा समर्थकों में उत्साह बढ़ गया, जबकि भाजपा खेमे में मायूसी दिखाई देने लगी।
इसी बीच देर रात मतगणना स्थल पर सपा और भाजपा समर्थकों के बीच भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी और सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल के कपड़े तक फट गए। हालात को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और मंडी समिति परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
जीत का प्रमाण-पत्र मिला, फिर पिछले गेट से घर रवाना
मंगलवार से शुरू हुई मतगणना के बाद बुधवार को आगरा खंड शिक्षक एमएलसी सीट पर सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल को जीत का प्रमाण-पत्र सौंपा गया। चुनाव परिणाम को लेकर तनाव इतना अधिक था कि प्रशासन ने जीत के तुरंत बाद मतगणना के आंकड़े भी जारी नहीं किए।
प्रमाण-पत्र मिलने के बाद आकाश अग्रवाल को मंडी समिति के पिछले गेट से घर रवाना कर दिया गया। उन्हें मीडिया से बातचीत करने का मौका भी नहीं दिया गया।
इस तरह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पिछला चुनाव जीतने वाले डॉ. आकाश अग्रवाल ने इस बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर भी जीत दर्ज की। मतदान में गड़बड़ी के आरोपों, वायरल वीडियो, दोबारा मतदान और मतगणना के दौरान हुए हंगामे के बीच मिली इस जीत के बाद सपा समर्थकों में खुशी की लहर है।