Friday, November 13, 2026 01:25:00 PM

AAP के तीन विधायक BJP में शामिल
पंजाब में AAP को झटका, तीन विधायक BJP में शामिल; भगवंत मान सरकार पर साधा निशाना

कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत पठानमाजरा और चेतन जौरामाजरा BJP में शामिल हुए। तीनों ने बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, नशे, शिक्षा और उद्योगों को लेकर AAP सरकार पर सवाल उठाए।

पंजाब में aap को झटका तीन विधायक bjp में शामिल भगवंत मान सरकार पर साधा निशाना
AAP के तीन विधायक BJP में शामिल |

पंजाब की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। सोमवार, 2 नवंबर को पार्टी के तीन विधायक भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने तीनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

बीजेपी में शामिल होने वाले नेताओं में कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा शामिल हैं। तीनों के इस फैसले को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

AAP सरकार पर जमकर साधा निशाना

बीजेपी में शामिल होने के बाद तीनों नेताओं ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, नशे की समस्या, उद्योगों की खराब हालत और सरकारी स्कूलों की स्थिति पर सवाल उठाए। नेताओं का आरोप है कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव के दौरान जनता से जो वादे और गारंटियां की थीं, उन्हें पूरा नहीं किया।

पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने तीनों नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि बीजेपी का कारवां लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल हुए नेताओं को पूरा सम्मान और गरिमा दी जाएगी। साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी को डूबती नाव बताते हुए कहा कि उसके नेता और विधायक पार्टी छोड़कर बीजेपी में आ रहे हैं।

कुंवर विजय प्रताप बोले- पंजाब में बेरोजगारी और अपराध बढ़ रहे

बीजेपी में शामिल होने के बाद कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब में बढ़ती बेरोजगारी और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में अपराध और नशे की समस्या पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी अब खत्म हो चुकी है और राज्य में भी बीजेपी की डबल इंजन सरकार बनेगी।

हरमीत पठानमाजरा ने सरकार पर कर्ज बढ़ाने का लगाया आरोप

हरमीत सिंह पठानमाजरा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने शुरुआत में पंजाब के विकास का बड़ा विजन दिखाया था, लेकिन समय के साथ पार्टी में अपनी आवाज उठाने वाले नेताओं को पीछे कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP सरकार ने पंजाब पर दूसरी सरकारों के मुकाबले ज्यादा कर्ज लिया है और राज्य को मुश्किल हालात में पहुंचा दिया है।

चेतन जौरामाजरा ने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री चेतन सिंह जौरामाजरा ने पंजाब सरकार की 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य योजना पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि कई अस्पताल इस कार्ड को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना को लागू करने से पहले यह देखना जरूरी है कि उसका लाभ लोगों तक पहुंच भी रहा है या नहीं।

उन्होंने उद्योगों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पंजाब में बड़े उद्योग और निवेश नहीं आ रहे हैं। गोविंदगढ़ और बटाला जैसे पुराने औद्योगिक शहरों की पहचान भी कमजोर हो रही है। उन्होंने जीएसटी रिफंड मिलने में उद्योगपतियों को हो रही परेशानी का भी आरोप लगाया।

इसके अलावा, उन्होंने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी और शिक्षा के स्तर पर सवाल उठाए। उनका दावा है कि पिछले एक-दो साल में बड़ी संख्या में बच्चों ने सरकारी स्कूल छोड़कर निजी स्कूलों में दाखिला लिया है।

2027 चुनाव से पहले बीजेपी को मिली मजबूती

चेतन सिंह जौरामाजरा ने पार्टी के अंदर विधायकों को अपनी बात रखने का मौका नहीं मिलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को पंजाब के लोगों तक पहुंचाएंगे। तीनों नेताओं ने नशे और गैंगस्टरवाद को भी राज्य की बड़ी समस्याएं बताया।

गौरतलब है कि पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में AAP के तीन विधायकों का बीजेपी में शामिल होना राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बीजेपी इसे अपने विस्तार के मौके के रूप में देख रही है, जबकि आम आदमी पार्टी के सामने अपने संगठन को मजबूत रखने और सरकार पर लगे आरोपों का जवाब देने की चुनौती होगी।

अब देखना होगा कि तीनों नेताओं के बीजेपी में जाने का असर पंजाब की आगामी चुनावी राजनीति पर कितना पड़ता है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें