योगी नारी शक्ति युवा स्वाभिमान |
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में रविवार को आयोजित ‘उत्कर्ष नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान एवं प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं को आगे बढ़ाने, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ भारतीय संस्कृति और विरासत से जुड़कर आत्मनिर्भर भारत बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब 24 हजार से ज्यादा स्टार्टअप हैं, जिनमें करीब आधे स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित हैं।
योगी ने यह भी कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। इसके अलावा निवेश प्रस्तावों के जरिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से श्रीराम के मर्यादा, श्रीकृष्ण के धैर्य और भगवान बुद्ध के ‘अप्प दीपो भव’ के संदेश से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति और युवा शक्ति का स्वावलंबन ही प्रदेश और देश के विकास का आधार बनेगा।
कार्यक्रम में आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन ने कहा कि भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से जुड़ना जरूरी है।
इस दौरान ‘केशव संवाद’ और ‘प्रेरणा विचार’ पत्रिकाओं के नए अंकों का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, आयोजन समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।