Saturday, July 18, 2026 02:14:11 AM

स्कूली वाहनों की जांच में 27 चालान
नोएडा में ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान: 140 स्कूली वाहनों की जांच, 27 बसों के चालान

नोएडा में ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ के तहत 140 स्कूली वाहनों की जांच में नियमों के उल्लंघन पर 27 बसों के चालान हुए। स्कूलों को 15 जुलाई तक सभी सुरक्षा मानक पूरे करने की चेतावनी दी गई।

नोएडा में ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान 140 स्कूली वाहनों की जांच 27 बसों के चालान
स्कूली वाहनों की जांच में 27 चालान |

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में परिवहन विभाग ने बुधवार को ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ के तहत विशेष जांच अभियान चलाया। इसका उद्देश्य स्कूल वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क हादसों के खतरे को कम करना है। इस दौरान कुल 140 स्कूली वाहनों की जांच की गई।

जांच में कई खामियां सामने आईं, जिनमें चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस न होना, सीट बेल्ट न लगाना और सुरक्षा स्टीकर फटे होना शामिल रहा। नियमों के उल्लंघन पर 27 बसों के चालान किए गए।

एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि अभियान के दौरान स्कूली बसों और वैन के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और पंजीकरण दस्तावेजों की जांच की गई। इसके साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर, ब्रेक, हेडलाइट, गति सीमा उपकरण और फर्स्ट-एड बॉक्स की भी गहन जांच हुई।

फायर एक्सटिंग्विशर में गड़बड़ी पाए जाने पर एक बस का चालान भी किया गया। चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस का सत्यापन करने के साथ उनकी सतर्कता और प्रतिक्रिया क्षमता का भी परीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। एआरटीओ ने कहा कि ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ सिर्फ चालान करने का अभियान नहीं है, बल्कि सभी स्कूल वाहनों को पूरी तरह सुरक्षित बनाने की पहल है।

उन्होंने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल दोबारा खुलने के चलते यह जांच बेहद जरूरी थी। इसी कारण नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया।

स्कूल प्रबंधन और वाहन मालिकों को 15 जुलाई तक सभी सुरक्षा मानक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने से पहले वाहन की वैधता और सुरक्षा व्यवस्था की जांच जरूर करें।

यह अभियान 15 जुलाई तक लगातार जारी रहेगा।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें