ग्रेटर नोएडा यूपीआईटीएस 2026 पांच पार्टनर कंट्री |
नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर 2026 तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) का चौथा संस्करण आयोजित किया जाएगा। इस बार ट्रेड शो को ग्लोबल स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए पांच देशों को पार्टनर कंट्री बनाया गया है। इनमें ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर और वियतनाम शामिल हैं।
इस बार सरकार ने ट्रेड शो की थीम “Go Global – Five Nation, One Global Platform” रखी है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के तहत किया जा रहा है।
ट्रेड शो के जरिए उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए एक अल्टीमेट सोर्सिंग प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में मदद करना है।
एंट्री और पार्किंग रहेगी फ्री
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में ट्रेड शो के दौरान बिजनेस आवर्स सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेंगे। इसके बाद पब्लिक आवर्स दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक होंगे।
खास बात यह है कि ट्रेड शो में एंट्री और पार्किंग पूरी तरह फ्री रहेगी। इसके साथ ही रिटेल सेल की भी अनुमति होगी।
उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण ने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के MSME, हैंडीक्राफ्ट, टेक्सटाइल और ODOP उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का बड़ा मंच है।
विदेशी खरीदारों से जुड़ने का मौका
पंकज निर्वाण ने कहा कि इस बार पांच देशों के पार्टनर कंट्री बनने से ट्रेड शो का स्तर और बड़ा हो गया है। इससे उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को सीधे विदेशी बायर्स से जुड़ने, निर्यात बढ़ाने और नई तकनीक सीखने का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के उद्यमियों के लिए यह विशेष अवसर है।
पहली बार गौतमबुद्ध नगर का बेकरी उत्पाद भी शामिल
इस बार ट्रेड शो में पहली बार गौतमबुद्ध नगर के बेकरी उत्पाद को एक जिला एक व्यंजन के तहत शामिल किया गया है।
ट्रेड शो के लिए UPITS 2026 मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया है। इस ऐप के जरिए ट्रेड शो में पंजीकरण और अन्य जरूरी जानकारी हासिल की जा सकती है।