UPITS 2026 एक जनपद एक व्यंजन |
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो यानी UPITS के चौथे संस्करण में इस बार कारोबार के साथ स्वाद का भी अनुभव मिलेगा। पहली बार ट्रेड शो में एक जनपद-एक व्यंजन को शामिल किया जा रहा है।
इसके लिए हॉल नंबर 16 को पूरी तरह फूड हॉल के रूप में तैयार किया गया है। यहां उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के प्रसिद्ध व्यंजन और खानपान से जुड़े उत्पाद एक ही जगह प्रदर्शित किए जाएंगे। खरीदार और निर्यातक इन उत्पादों को देखने के साथ उनका स्वाद भी ले सकेंगे।
इस पहल का उद्देश्य जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है। इस आयोजन में गौतमबुद्ध नगर के चार बेकरी उद्योगों को भी भागीदारी का मौका मिला है। इनमें हीरा स्वीट्स, बेकर्स वे, के-ओ क्लाक और रोटीवा फिट प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। ये कंपनियां जिले के बेकरी उत्पाद, मिठाइयां और पैकेज्ड फूड प्रदर्शित करेंगी।
उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण के मुताबिक, एक जनपद एक व्यंजन योजना के तहत हर जिले के खास फूड प्रोडक्ट को ब्रांड के तौर पर प्रमोट किया जा रहा है। आगरा का पेठा, मथुरा का पेड़ा, लखनऊ के कबाब और वाराणसी की चाट जैसे उत्पादों को हॉल नंबर 16 में जगह मिलेगी।
इससे स्थानीय कारोबारियों को बड़े खरीदारों से सीधे जुड़ने और निर्यात के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
कन्नौज की कलावती गट्टा भी रहेगी खास
UPITS में इस बार कन्नौज की कलावती गट्टा भी लोगों को अपनी पारंपरिक मिठास, शुद्धता और बनाने की पुरानी विधि से परिचित कराएगी।
1923 में शुरू हुआ कलावती गट्टा भंडार चार पीढ़ियों से इस पारंपरिक उत्पाद को आगे बढ़ा रहा है। बदलते समय में कई पारंपरिक व्यंजन पीछे छूट गए, लेकिन कलावती गट्टे ने अपनी पुरानी पहचान और बनाने की पारंपरिक विधि को अब तक संभालकर रखा है।
सक्षम गुप्ता ने बताया कि उनके परिवार की चौथी पीढ़ी भी इस कारोबार से जुड़ी हुई है।