DIET दनकौर निबंध प्रतियोगिता |
दनकौर, गौतम बुद्ध नगर। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), लखनऊ, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) दनकौर में 7 अक्टूबर 2026 को निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के अलग-अलग विद्यालयों से करीब 102 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
इस प्रतियोगिता में माध्यमिक शिक्षा के कक्षा 6 से 12 और बेसिक शिक्षा परिषद के कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। SCERT की ओर से उपलब्ध कराए गए 15 अलग-अलग विषयों में से विद्यार्थियों को विषय आवंटित किए गए और उनसे निबंध लिखवाया गया।
प्रतियोगिता में नारी शक्ति एवं सशक्तिकरण, खेलो इंडिया, विकसित भारत और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण और समसामयिक विषय शामिल किए गए।
कार्यक्रम का संयोजन कार्यक्रम नोडल श्री राजेश खन्ना और श्री भूपेंद्र सिंह ने किया। श्री भूपेंद्र सिंह ने प्रतियोगिता की रूपरेखा तैयार करने के साथ आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय भी किया।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री राहुल पवार और जिला विद्यालय निरीक्षक श्री चंद्रशेखर का विशेष सहयोग रहा। उनके मार्गदर्शन में विभिन्न विद्यालयों से विद्यार्थी अपने शिक्षकों के साथ DIET दनकौर पहुंचे, जिससे प्रतियोगिता में अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सकी।
प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्य/उप निदेशक श्रीमती अर्चना गुप्ता के दिशा-निर्देशन और वरिष्ठ प्रवक्ता श्री अनिल कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में DIET के डीएलएड प्रशिक्षुओं और संस्थान के समस्त स्टाफ का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों के लिए संस्थान की ओर से जलपान और खान-पान की व्यवस्था की गई। विद्यार्थियों और उनके साथ आए शिक्षकों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की सराहना की।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन और परिणाम की घोषणा के लिए पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है। समिति विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का निष्पक्ष मूल्यांकन करेगी और करीब एक सप्ताह के भीतर परिणाम घोषित किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को DIET दनकौर स्तर पर बेसिक शिक्षा परिषद और माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता के आयोजन से विद्यार्थियों में रचनात्मक लेखन, समसामयिक विषयों की समझ और अपनी बात रखने की क्षमता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।