जेवर के रजवाहे में मिला अज्ञात महिला का शव |
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के गांव फलैदा के पास स्थित एक रजवाहे से मंगलवार शाम करीब 7 बजे एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पुलिस महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के जिलों और अन्य थानों से संपर्क कर रही है।
कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ल ने बताया कि मंगलवार शाम ग्रामीणों ने रजवाहे में शव पड़े होने की सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतका की उम्र करीब 54 वर्ष आंकी गई है। शव काफी पुराना और क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, शव करीब 8 से 10 दिन पुराना हो सकता है। लंबे समय तक पानी में रहने की वजह से शव की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बुधवार सुबह 9 बजे से गौतमबुद्ध नगर समेत आसपास के जिलों और विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस से संपर्क किया गया है। इसके साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही महिला की मौत और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।