Friday, November 13, 2026 01:44:33 PM

ग्रेटर नोएडा में 19 करोड़ की जमीन अतिक्रमण मुक्त
ग्रेटर नोएडा में 19 करोड़ की जमीन पर चला बुलडोजर, अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी पर प्राधिकरण की कार्रवाई

सुथ्याना गांव में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 9,500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन से अवैध निर्माण हटाया। जमीन की कीमत करीब 19 करोड़ रुपये है।

ग्रेटर नोएडा में 19 करोड़ की जमीन पर चला बुलडोजर अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी पर प्राधिकरण की कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा में 19 करोड़ की जमीन अतिक्रमण मुक्त |

ग्रेटर नोएडा में अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे कॉलोनाइजरों को प्राधिकरण ने बड़ा झटका दिया है। सोमवार को सुथ्याना गांव में प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर करीब 9,500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 19 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोप है कि कॉलोनाइजर प्राधिकरण की जमीन पर अवैध निर्माण कर प्लॉटिंग और कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे थे।

पांच खसरा नंबरों पर हो रहा था अवैध निर्माण

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह के मुताबिक, सुथ्याना गांव के खसरा नंबर 798, 810, 815, 816 और 817 में प्राधिकरण की करीब 9,500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। इस जमीन पर कब्जा कर अवैध प्लॉटिंग की कोशिश की जा रही थी।

सूचना मिलने पर प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा और वर्क सर्किल-4 की टीम ने बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद पूरी जमीन को कब्जे से मुक्त करा लिया गया।

CEO के निर्देश पर चल रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत प्राधिकरण लगातार अभियान चला रहा है।

प्राधिकरण के ACEO सुमित यादव ने साफ कहा कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी को भी अवैध निर्माण की अनुमति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी जमीन को खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर उसके वास्तविक मालिकाना हक और भूमि की स्थिति की जानकारी जरूर लें।

मेहनत की कमाई लगाने से पहले हो जाएं सावधान

प्राधिकरण ने लोगों को अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि जमीन का सौदा करने से पहले यह जांचना बेहद जरूरी है कि वहां निर्माण और प्लॉटिंग की अनुमति है या नहीं। साथ ही यह भी पता करें कि संबंधित जमीन अधिग्रहित या नियोजित विकास क्षेत्र में तो नहीं आती।

सुथ्याना गांव में हुई इस कार्रवाई के बाद प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें