गुटखा विवाद में फायरिंग |
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ी भनौता गांव में गुटखा मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। इस घटना में एक दुकानदार गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है। घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, खेड़ी भनौता गांव निवासी उदय प्रताप (42) अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी सुरेंद्र फौजी दुकान पर पहुंचे और गुटखा मांगने लगे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र फौजी ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर उदय प्रताप पर फायर कर दिया। गोली उनके पेट के निचले हिस्से में लगी और आर-पार निकल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों द्वारा किए गए सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड में पेट के अंदर कोई गोली नहीं मिली। चिकित्सकों के अनुसार, गोली आर-पार निकल जाने के कारण आंतरिक अंग सुरक्षित हैं और घायल की स्थिति अब सामान्य है।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र फौजी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।