सुपरटेक के 16 अधूरे प्रोजेक्ट घर खरीदार प्रदर्शन |
सुपरटेक लिमिटेड की अधूरी आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी NBCC को दी गई है। लेकिन राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण यानी NCLAT के निर्देश के डेढ़ साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी इन प्रोजेक्टों में निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। अब परेशान घर खरीदारों ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट जाने की चेतावनी दी है।
सुपरटेक के कुल 16 अधूरे प्रोजेक्टों के खरीदारों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। खरीदारों ने कहा कि अगर जल्द निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो वे संसद तक मार्च करने के साथ जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन करेंगे।
डेढ़ साल बाद भी नहीं शुरू हुआ काम
NCLAT ने 12 दिसंबर 2024 को NBCC को एक महीने के भीतर कॉन्ट्रैक्ट देने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। इसके बाद 1 मई 2025 से निर्माण शुरू होना था, लेकिन NBCC तय समय सीमा में प्रक्रिया पूरी नहीं कर सका।
इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप पर ट्रिब्यूनल ने 6 मई 2026 को समय सीमा में बदलाव किया और सभी जरूरी प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 तक पूरी करने की सख्त समय सीमा तय की। हालांकि यह समय सीमा भी गुजर चुकी है और निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
21 महीने से प्रोजेक्टों में कोई खास प्रगति नहीं
शनिवार को हुए प्रदर्शन में नोएडा एक्सटेंशन फ्लैट ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन (NEFOWA) के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि प्रोजेक्टों को एपेक्स कमेटी को सौंपे जाने और NBCC को PMC बनाए जाने के बाद करीब 21 महीनों में एक ईंट लगना तो दूर, टेंडर तक नहीं निकाला गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि घर खरीदारों के पैसों से हर महीने समिति का पारिश्रमिक, कंसल्टेंसी फीस और एमिकस क्यूरी फीस समेत अन्य मदों में करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं, जबकि जमीन पर प्रोजेक्टों की प्रगति दिखाई नहीं दे रही है।
एमिकस क्यूरी पर भी खरीदारों के सवाल
सुप्रीम कोर्ट ने एमिकस क्यूरी राजीव जैन को समिति और NBCC द्वारा प्रोजेक्टों के क्रियान्वयन की निगरानी करने और अदालत को प्रगति रिपोर्ट देने की जिम्मेदारी दी है। हालांकि, घर खरीदारों का आरोप है कि उन्हें प्रोजेक्टों की सही जानकारी नहीं मिल रही है।
खरीदारों का कहना है कि 16 प्रोजेक्टों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कोई पारदर्शी व्यवस्था नहीं है। उनका आरोप है कि न तो एपेक्स कमेटी, न NBCC और न ही एमिकस क्यूरी घर खरीदारों के लिए आसानी से उपलब्ध हैं।
ई-मेल के बाद भी नहीं मिला ठोस जवाब
प्रदर्शन में शामिल खरीदारों ने बताया कि राजीव जैन, एपेक्स कमेटी और NBCC को कई ई-मेल भेजकर बैठक के लिए समय मांगा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला।
इसके बाद शनिवार को अभिषेक कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों घर खरीदारों ने सुपरटेक के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। खरीदारों ने मांग की कि एपेक्स कमेटी और NBCC निर्माण की स्पष्ट समय-सीमा बताएं और प्रोजेक्टों पर तत्काल काम शुरू किया जाए।
खरीदारों ने चेतावनी दी कि अगर उन्हें मिलने का समय नहीं दिया गया और निर्माण से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में वे संसद तक मार्च और जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।