श्रीमद्भागवत कथा दान भक्ति श्रीकृष्ण जन्मोत्सव |
नोएडा। श्री राम रसायन सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन कथा व्यास परम पूज्य आचार्य मनीष कौशिक जी महाराज ने श्रद्धालुओं को दान, भक्ति और भगवान के भक्तवत्सल स्वरूप की महिमा का संदेश दिया। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए।
आचार्य मनीष कौशिक जी महाराज ने कहा कि कलियुग में दान का विशेष महत्व है। शास्त्रों में दान को धर्म का आधार बताया गया है। उन्होंने राजा बलि और भगवान वामन अवतार की कथा सुनाते हुए कहा कि अपने भक्त के सम्मान और उसकी इच्छा पूरी करने के लिए स्वयं भगवान विष्णु ने वामन रूप धारण कर पृथ्वी पर अवतार लिया। इससे यह संदेश मिलता है कि भगवान अपने भक्तों को कितना महत्व देते हैं।
उन्होंने कहा कि दान सिर्फ धन देने तक सीमित नहीं है। सेवा, समय, सद्भावना और समर्पण भी दान के ही रूप हैं।
कथा व्यास ने कहा कि श्रीमद्भागवत हमें सिखाती है कि सच्ची भक्ति भगवान को भी भक्त के अधीन कर देती है। भगवान हमेशा अपने भक्तों की रक्षा करते हैं और उनके कल्याण का मार्ग दिखाते हैं।
भगवान श्रीराम के चरित्र का भी किया वर्णन
कथा के दौरान महाराज श्री ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के दिव्य चरित्र का भी वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम धर्म के स्वरूप, त्याग की प्रतिमूर्ति, आदर्श पुत्र, आदर्श पति और आदर्श राजा हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने रावण जैसे अत्याचारी और अधर्मी का वध कर धर्म की स्थापना की और नारी सम्मान की रक्षा का उदाहरण प्रस्तुत किया। महाराज श्री ने कहा कि राम जन-जन के नायक, भारत की आत्मा और धर्म की मूर्ति हैं। उनका चरित्र पूरी मानवता को कल्याण का मार्ग दिखाता है।
उन्होंने कहा कि रामायण और श्रीमद्भागवत जैसे धार्मिक ग्रंथ केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जीवन जीने की कला भी सिखाते हैं। इनके आदर्शों को अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव, मर्यादा और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ाया जा सकता है।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर गूंजे जयकारे
कथा के उत्तरार्ध में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने खुशी के साथ मंगल बधाइयां गाईं और पुष्पवर्षा की। इस दौरान प्रसाद का वितरण भी किया गया।
पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा।
महाराज श्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण पूर्णावतार हैं और उनके जीवन में सभी रसों की अनुभूति होती है। वृंदावन की मधुर रसधारा, गोपियों का निष्काम प्रेम और भगवान की दिव्य लीलाएं भक्तों को प्रेम, समर्पण और ईश्वर से जुड़ने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से वृंदावन रस की महिमा को समझा जा सकता है और यही रस भक्त के जीवन को आनंद से भर देता है।
कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य नाम-संकीर्तन में हिस्सा लिया और समाज, राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने कथा से मिले आध्यात्मिक संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया।