Friday, November 13, 2026 07:07:08 PM

ग्रेटर नोएडा PNB बैंक हेराफेरी
PNB बैंक में 35 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप, मैनेजर समेत 5 कर्मचारी निलंबित

ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित PNB शाखा में खाताधारकों के 35 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप लगा है। मैनेजर समेत पांच कर्मचारी निलंबित, विजिलेंस जांच शुरू।

pnb बैंक में 35 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप मैनेजर समेत 5 कर्मचारी निलंबित
ग्रेटर नोएडा PNB बैंक हेराफेरी |

ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में खाताधारकों की रकम में हेराफेरी का मामला सामने आया है। बैंक मैनेजर समेत अन्य कर्मचारियों पर एफडी समय से पहले तोड़कर दूसरे खातों में रुपये ट्रांसफर करने और बचत खातों से रकम गायब करने के आरोप लगे हैं। शुरुआती शिकायतों में करीब 35 करोड़ रुपये की हेराफेरी की बात सामने आई है। मामले में बैंक के उच्चाधिकारियों ने मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर विभागीय विजिलेंस टीम से जांच शुरू करा दी है। हालांकि, कुल रकम और प्रभावित खातों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

खाताधारकों ने लगाए रकम गायब होने के आरोप

बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र की इस बैंक शाखा में कई खाताधारकों ने अपनी जमा पूंजी गायब होने की शिकायत की है। ऐच्छर निवासी ट्रांसपोर्टर विनीत भाटी ने मंगलवार को कोतवाली में शिकायत देकर अपने 25 लाख रुपये वापस दिलाने और बैंक कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की।

विनीत भाटी के मुताबिक, वह जय शिव ट्रांसपोर्ट नाम से फर्म चलाते हैं और बैंक में उनका करंट अकाउंट है। उन्होंने म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया था। आरोप है कि मैनेजर के कहने पर उन्होंने चेक समेत अन्य दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए, लेकिन रकम उनके बचत खाते में ट्रांसफर होने के बजाय किसी दूसरे खाते में भेज दी गई।

उनका दावा है कि जिस खाते में रकम भेजी गई, उसमें नाम उनका बताया गया, लेकिन वह खाता उनका नहीं था। जानकारी मिलने पर उन्होंने बैंक पहुंचकर रुपये वापस मांगे। आरोप है कि पहले बैंक कर्मचारियों ने एक-दो दिन में रकम लौटाने का भरोसा दिया और बाद में जांच के बाद रुपये वापस करने की बात कही। विनीत भाटी ने एक महिला बैंक कर्मचारी से बातचीत की रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है।

94 लाख रुपये जमा थे, खाते में बचे सिर्फ 16 हजार

बिरौंडा से सेक्टर-पाई निवासी गौतम ने बताया कि उनके पिता के खाते में करीब 94 लाख रुपये जमा थे। सोमवार को वह 50 हजार रुपये निकालने बैंक पहुंचे तो पता चला कि खाते में लगभग 16 हजार रुपये ही बचे हैं। इसके बाद उन्होंने बैंक अधिकारियों से रकम कम होने का कारण पूछा और जांच की मांग की।

अन्य खाताधारकों ने भी एफडी और बचत खातों से रुपये गायब होने की शिकायत की है। एक खाताधारक के मुताबिक, उनकी 15 लाख रुपये की एफडी बैंक पहुंचने पर समाप्त मिली। वहीं, संजय ने आरोप लगाया कि उनकी करीब 10 लाख रुपये की एफडी तोड़कर रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी गई। हनीफ ने भी अपने खाते से करीब 39 लाख रुपये निकाले जाने का दावा किया है।

किसान संगठन ने 150 करोड़ रुपये के गबन का आरोप लगाया

भारतीय किसान यूनियन (कृषक) ने इस मामले में 130 से 150 करोड़ रुपये तक के गबन का आरोप लगाया है। संगठन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और प्रभावित किसानों व खाताधारकों की पूरी रकम वापस दिलाने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

15 से अधिक शिकायतें मिलने की बात

पुलिस के अनुसार, अब तक 15 से अधिक लोगों ने धोखाधड़ी की शिकायत की है। बैंक अधिकारियों का कहना है कि सभी खाताधारकों की पूरी धनराशि लौटाई जाएगी। बैंक की ओर से संबंधित कर्मचारियों को हटाने की बात भी कही गई है। मामले की जांच विभागीय विजिलेंस टीम कर रही है और शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले में आरोपों की जांच जारी है और हेराफेरी की वास्तविक रकम का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें