Saturday, September 05, 2026 02:33:10 AM

नोएडा पुलिस ने 225 खोए मोबाइल बरामद किए
नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी, 50 लाख से ज्यादा के 225 खोए मोबाइल बरामद

नोएडा पुलिस ने CEIR और सर्विलांस की मदद से 50 लाख से ज्यादा कीमत के 225 खोए और लूटे गए मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए।

नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी 50 लाख से ज्यादा के 225 खोए मोबाइल बरामद
नोएडा पुलिस ने 225 खोए मोबाइल बरामद किए |

नोएडा पुलिस ने खोए और लूटे गए मोबाइल फोन को बरामद करने के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस, CEIR और CCTNS सेल के साथ थाना सेक्टर-39 पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 50 लाख रुपये से ज्यादा कीमत के 225 स्मार्टफोन ट्रैक कर बरामद किए हैं।

पुलिस ने बरामद किए गए सभी मोबाइल उनके असल मालिकों को वापस सौंप दिए। फोन वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी दिखी और उन्होंने नोएडा पुलिस का आभार जताया।

एडिशनल डीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के मुताबिक, ये मोबाइल बाजार, सब्जी मंडी, ऑटो, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा में सफर के दौरान, शादी-समारोह, पार्क और धार्मिक स्थलों पर छूटने या जेब से गिरने के कारण गुम हुए थे। इनकी शिकायत अलग-अलग थानों में दर्ज थी।

पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीक की मदद से इन मोबाइलों की लगातार निगरानी की। करीब 3 से 4 महीने तक डिजिटल मॉनिटरिंग के बाद टीम ने 225 मोबाइल फोन बरामद किए।

इस अभियान में थाना सेक्टर-39 पुलिस का खास योगदान रहा। अकेले सेक्टर-39 पुलिस ने 44 मोबाइल फोन बरामद किए।

मोबाइल वापस पाने वाले विक्की और संतोष ने बताया कि करीब एक साल पहले उनके फोन लूट लिए गए थे और उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। एक साल बाद फोन वापस मिलने पर उन्होंने खुशी जताई और पुलिस का धन्यवाद किया।

पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में अलग-अलग थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों पर काम करते हुए CEIR पोर्टल पर डेटा अपडेट किया गया और लगातार ट्रैकिंग की गई।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें