स्ट्रीट लाइट हेल्पलाइन जारी |
शहर में रात के समय बेहतर रोशनी और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत दर्ज कराने हेतु टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18008332314 और व्हाट्सएप नंबर 7982300721 जारी किए गए हैं।
प्राधिकरण के विद्युत एवं यांत्रिक विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई स्ट्रीट लाइट बंद है, टिमटिमा रही है, देर से जल रही है या सुबह तक बंद नहीं हो रही है, तो इसकी जानकारी तुरंत इन माध्यमों से दें। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।
इसी क्रम में विभाग ने स्ट्रीट लाइटों के सुचारु संचालन के लिए विशेष अभियान भी शुरू किया है। हाल के दिनों में विभागीय टीमों ने सेक्टर ईटा-1, ईटा-2, बीटा-1 और ग्राम सिरसा सहित कई आवासीय एवं औद्योगिक क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान खराब, बंद और टिमटिमाती स्ट्रीट लाइटों की पहचान कर मौके पर ही उन्हें ठीक किया गया।
विभाग केवल स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तक सीमित नहीं है, बल्कि केबल, फ्यूज और टाइमर सिस्टम की भी तकनीकी जांच कर रहा है, ताकि भविष्य में किसी तरह की खराबी से बचा जा सके।
प्राधिकरण के विद्युत एवं यांत्रिक विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल ने बताया कि मानसून के दौरान नमी और शॉर्ट सर्किट के कारण स्ट्रीट लाइटें अधिक प्रभावित होती हैं। इसे देखते हुए सभी सेक्टरों में नियमित रूप से राउंड-टू-राउंड निरीक्षण किया जा रहा है।
इसके अलावा, विभाग ने शहर के उन स्थानों की पहचान भी की है जहां अंधेरा अधिक रहता है या जो दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील हैं। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, ताकि रात के समय सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।