सावन के पहले सोमवार पर नोएडा पूरी तरह शिवभक्ति में रंगा नजर आया। सुबह तड़के से ही शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष के बीच भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की।
शहर के सेक्टर-2 स्थित लाल मंदिर, सर्फाबाद के प्राचीन शिव मंदिर, बोडा महादेव मंदिर, शनि सिद्ध पीठ मंदिर, सेक्टर-20 हनुमान मंदिर, सेक्टर-19 सनातन धर्म मंदिर और सेक्टर-12 के कलरिया बाबा मंदिर सहित कई प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
भक्तों ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। जल के साथ बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूध, दही, शहद, चंदन और हल्दी अर्पित कर पूजा-अर्चना की। मंदिरों में गूंजते शिव मंत्र, घंटियों की आवाज और भक्ति गीतों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए। कांवड़ियों के लिए अलग लेन बनाई गई, ताकि वे बिना किसी परेशानी के जलाभिषेक कर सकें। मंदिर प्रबंधन के अनुसार पहले सोमवार को कांवड़ियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन 11 अगस्त को होने वाले जलाभिषेक के दिन बड़ी संख्या में कांवड़ियों के आने की संभावना है। इसके लिए अतिरिक्त तैयारियां भी की जा रही हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंदिर परिसरों के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि अधिकांश मंदिरों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी गई, ताकि दर्शन और पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।