Sunday, August 16, 2026 10:17:41 AM

बारिश से नोएडा-ग्रेटर नोएडा में जलभराव, जाम
झमाझम बारिश से नोएडा-ग्रेटर नोएडा बेहाल, सड़कें बनी तालाब, कई वाहन फंसे

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तेज बारिश से सड़कें और अंडरपास जलमग्न हो गए। कई वाहन पानी में फंस गए, सेक्टरों में जलभराव हुआ और सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पास डिवाइडर भी ढह गया।

झमाझम बारिश से नोएडा-ग्रेटर नोएडा बेहाल सड़कें बनी तालाब कई वाहन फंसे
बारिश से नोएडा-ग्रेटर नोएडा में जलभराव, जाम |

मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा की व्यवस्था की पोल खोल दी। करीब दो घंटे तक हुई बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए। जगह-जगह जलभराव के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश के कारण महामाया फ्लाईओवर के नीचे बने अंडरपास में पानी भर गया, जिससे कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए। कई बाइकें भी पानी में बंद हो गईं। वहीं सेक्टर-94 अंडरपास में भी एक इको वैन और उसके पीछे आ रही दो बाइक जलभराव में फंस गईं।

सेक्टर-27 के कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। इसके अलावा सेक्टर-62, बरौला, सर्फाबाद, सेक्टर-73, सेक्टर-74 और सेक्टर-75 समेत कई निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। बरौला गांव में स्कूल से लौट रहे बच्चों को जलभराव के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि सर्फाबाद और सेक्टर-73 की गलियां तालाब जैसी दिखाई दीं।

जलभराव की वजह से शहर की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई और कई जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इसी बीच सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पास मेट्रो पिलर के नीचे बना डिवाइडर अचानक ढह गया, जिससे वहां भी यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

बारिश का असर ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर, दादरी, दनकौर और अन्य निचले इलाकों में भी देखने को मिला। औद्योगिक क्षेत्र इकोटेक-3 की सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। उद्यमियों का कहना है कि पानी निकासी के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर नाला बनाया गया, लेकिन हर बारिश में जलभराव की समस्या जस की तस बनी रहती है।

रुक-रुक कर हुई बारिश और तेज हवाओं से लोगों को उमस से राहत जरूर मिली, लेकिन जलभराव और ट्रैफिक जाम ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।


सम्बन्धित सामग्री





हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें