नोएडा के कई सेक्टरों में पानी की सप्लाई को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। नलों में पानी तो आ रहा है, लेकिन कई जगह यह पीने लायक नहीं है। कहीं पानी पीला और गंदा आने की शिकायत है, तो कहीं कम प्रेशर और रुक-रुककर सप्लाई से लोग परेशान हैं।
मजबूरी में लोगों को पीने के लिए बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे परिवारों पर हर दिन करीब 100 से 200 रुपये और महीने में लगभग 3 से 6 हजार रुपये का अतिरिक्त खर्च पड़ रहा है।
सेक्टर-82 में TDS 1612 की शिकायत
सेक्टर-82 के स्वर्णिम विहार डुप्लेक्स में पानी का TDS 1612 तक पहुंचने की शिकायत सामने आई है। वहीं, सेक्टर-47 के कुछ ब्लॉकों में कई दिनों से कम प्रेशर के साथ गंदा पानी आने की बात कही जा रही है।
सेक्टर-19 में भी लोग पीने के पानी के लिए बाहर से पानी खरीदने को मजबूर हैं।
इससे पहले सेक्टर-12 और 53 से पानी की गुणवत्ता और सप्लाई को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। अब सेक्टर-82, 47 और 19 के निवासी भी इसी तरह की समस्या बता रहे हैं।
पानी गंदा आने की वजह पर भी सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई जगह गंगाजल की सप्लाई ठीक से नहीं हो रही, जबकि कुछ जगह गंगाजल में ट्यूबवेल का पानी मिलाकर सप्लाई किए जाने की बात कही जा रही है।
इसके अलावा कुछ इलाकों में पुरानी और जंग लगी पाइपलाइन को भी गंदे पानी की वजह बताया जा रहा है।
अब सवाल है—जब घर के नल तक पानी पहुंच रहा है, तो लोगों को साफ और पीने लायक पानी के लिए अपनी जेब क्यों ढीली करनी पड़ रही है?