नोएडा सेक्टर-56 में पानी का संकट |
नोएडा के सेक्टर-56 में पिछले 15 से 20 दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है। सेक्टर के निवासियों का कहना है कि पानी की सप्लाई लगभग खत्म हो चुकी है और उन्हें अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए प्राइवेट टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है।
सेक्टर-56 RWA के अध्यक्ष संजय मावी के अनुसार, निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग के महाप्रबंधक आरपी सिंह से लेकर सुपरवाइजर और अन्य अधिकारियों तक अपनी समस्या पहुंचाई है, लेकिन अब तक पानी की सप्लाई में सुधार नहीं हुआ है।
प्राइवेट टैंकरों से पानी खरीदने को मजबूर लोग
निवासियों का कहना है कि नोएडा जैसे विकसित शहर में पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। लगातार पानी की कमी से बुजुर्गों समेत सभी लोग परेशान हैं। कुछ बुजुर्गों ने तो सुबह बाथरूम में पानी न मिलने की चिंता के कारण रात का खाना तक छोड़ दिया है।
अधिकारियों के साथ बैठक के बाद भी राहत नहीं
RWA अध्यक्ष संजय मावी के मुताबिक, पानी की समस्या को लेकर प्राधिकरण के अधिकारियों और सेक्टर के निवासियों के बीच कई बार बैठक हो चुकी है। इसके बावजूद हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ है।
निवासियों ने जल विभाग से जल्द से जल्द पानी की नियमित आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि उन्हें प्राइवेट टैंकरों पर निर्भर न रहना पड़े।