ग्रेटर नोएडा में 800 टन कूड़े का होगा निस्तारण |
ग्रेटर नोएडा। शहर में रोजाना निकलने वाले करीब 800 टन कूड़े के निस्तारण की दिशा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। लखनावली में तैयार किया गया फ्रेश वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट मंगलवार से शुरू हो गया। अब शहर से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को यहां नियमित रूप से प्रोसेस किया जा सकेगा।
प्लांट का शुभारंभ दादरी विधायक तेजपाल नागर ने किया। इस दौरान एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस, एसीईओ सुमित यादव और ओएसडी गिरीश कुमार झा मौजूद रहे। विधायक ने ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्राधिकरण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शहर को साफ रखने में आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है।
रोज निकलता है करीब 800 टन कचरा
ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों और गांवों से प्रतिदिन करीब 800 टन कूड़ा निकलता है। अभी तक इस कचरे को लखनावली में एकत्र किया जाता रहा है। समय पर निस्तारण नहीं होने से यहां कूड़े का ढेर लगातार बढ़ने की आशंका बनी रहती थी।
इसी समस्या को देखते हुए प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर फ्रेश वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट तैयार किया गया है। अब रोज निकलने वाले नए कचरे को सीधे प्रोसेसिंग के लिए भेजा जा सकेगा।
गीले कचरे से खाद, सूखे से बनेगा RDF
इस प्लांट में गीले और सूखे दोनों तरह के कचरे को प्रोसेस किया जाएगा। गीले कचरे से खाद तैयार होगी, जबकि सूखे कचरे से RDF (Refuse Derived Fuel) बनाया जाएगा।
इस RDF को सीमेंट कारखानों में भेजा जाएगा, जहां इसका इस्तेमाल सीमेंट बनाने की प्रक्रिया में किया जाएगा। यानी कचरे का निस्तारण करने के साथ उसका उपयोग भी किया जा सकेगा।
पुराने कचरे की प्रोसेसिंग भी जारी
लखनावली में पहले से जमा पुराने कचरे यानी लिगेसी वेस्ट की प्रोसेसिंग का काम पहले से चल रहा है। अब फ्रेश वेस्ट प्लांट शुरू होने के बाद रोजाना आने वाले नए कचरे के निस्तारण की व्यवस्था भी हो गई है।
प्राधिकरण का प्रयास है कि शहर से रोज निकलने वाले कचरे को नियमित और वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेस किया जाए, ताकि लखनावली में दोबारा कूड़े के बड़े-बड़े ढेर न बनें।
प्लांट के शुभारंभ के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव, प्रबंधक दिव्या चौधरी समेत प्राधिकरण के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।