ग्रेटर नोएडा में युवक की हत्या |
ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात दो युवकों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नुकीले हथियार से हुए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, देर रात डायल-112 पर सूचना मिली कि सिरसा गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर दो लोगों के बीच झगड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बरेली निवासी सुरेश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उसके शरीर पर नुकीले हथियार से किए गए हमले के निशान मिले हैं।
जांच में सामने आया है कि सुरेश और आरोपी नरेश एक ही कंपनी में काम करते थे, हालांकि दोनों अलग-अलग यूनिट में तैनात थे।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, जिस महिला के संपर्क में पहले नरेश था, वह अब सुरेश से बात करने लगी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो गुरुवार रात हिंसक झगड़े में बदल गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।