तुगलपुर में खड़ी बस में लगी भीषण आग |
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के तुगलपुर गांव में शुक्रवार देर रात सड़क किनारे खड़ी एक बस में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, तुगलपुर में मुख्य सड़क के किनारे एक निजी हॉस्टल की बस रोज की तरह खड़ी थी। रात करीब साढ़े 11 बजे अचानक बस से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें तेज हो गईं और पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
तीन दमकल गाड़ियां पहुंचीं मौके पर
बस को जलता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और कबाड़ में तब्दील हो गई।
बीड़ी-सिगरेट से आग लगने की आशंका
दमकल विभाग की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि जलती बीड़ी या सिगरेट आग लगने की वजह हो सकती है। आशंका है कि किसी राहगीर या नशेड़ी ने बस के पास जलती बीड़ी या सिगरेट फेंकी होगी, जिससे बस में आग लग गई।
हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
कोई जनहानि नहीं
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक, बस मालिक से संपर्क कर मामले की जांच की जा रही है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस के मीडिया सेल ने पुष्टि की है कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। वहीं बस के जलने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।