ग्रेटर-नोएडा एटीएस प्रस्टीन में युवती का शव |
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र स्थित एटीएस प्रस्टीन सोसायटी के एक फ्लैट में सोमवार को 19 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना डायल-112 के जरिए पुलिस को दी गई।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सोनम (19 वर्ष) पुत्री रामपाल सिंह के रूप में हुई है। वह सीतापुर जिले के अटरिया थाना क्षेत्र के बासखेड़ा गांव की रहने वाली थी।
बताया गया कि सोनम पिछले एक साल से फ्लैट मालिक प्रशांत सिंह और उनकी पत्नी के यहां सर्वेंट रूम में रहकर मेड के रूप में काम कर रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसने रात के समय अपने कमरे में फंदा लगा लिया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया है। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।