दादरी में चचेरे भाई की हत्या |
नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में सोमवार देर रात सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक ही कमरे में रहने वाले दो चचेरे भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक भाई ने दूसरे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में 28 वर्षीय शाहिद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी इमरान फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, शाहिद और उसका चचेरा भाई इमरान दोनों बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रमई गांव के रहने वाले थे। दोनों दादरी में मजदूरी करते थे और रामपुर फतेहपुर में एक ही कमरे में किराये पर रहते थे।
पुलिस के अनुसार, 23 और 24 अगस्त की रात कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में इमरान ने कुल्हाड़ी से शाहिद पर जानलेवा हमला कर दिया। कुल्हाड़ी लगने से शाहिद की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। शाहिद के शव को पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी इमरान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें बनाई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है।