नोएडा स्पोर्ट्स सिटी लेआउट विवाद ग्रामीण प्रदर्शन |
नोएडा के सेक्टर-150 स्थित स्पोर्ट्स सिटी परियोजना (एससी 01) के संशोधित लेआउट प्लान को लेकर मोमनाथल गांव के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिल्डर ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ सांठगांठ कर गांव की 4000 लोगों की आबादी वाली जमीन और 15 साल पुराने मुख्य रास्ते को अपने संशोधित नक्शे में शामिल कर लिया है। सुनवाई न होने से नाराज ग्रामीण बृहस्पतिवार को सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन के जनसुनवाई कार्यालय पहुंचे और बिल्डर व अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
100 से ज्यादा आपत्तियां हुईं दर्ज
प्राधिकरण ने स्पोर्ट्स सिटी परियोजना के सेक्टर-78, 79, 150 और 152 के लिए बिल्डरों द्वारा दिए गए संशोधित लेआउट प्लान पर 11 अक्टूबर तक आपत्तियां मांगी थीं। कुल 225 आपत्तियों में से 100 से अधिक सिर्फ सेक्टर-150 के एससी 01 भूखंड से जुड़ी हैं। ग्रामीणों ने नियोजन विभाग को लिखित शिकायत देकर बिल्डर के इस गलत लेआउट प्लान को रद्द करने की मांग की है।
15 साल पुराना रास्ता और 4000 आबादी संकट में
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के भीतर आने-जाने का 12 मीटर चौड़ा मुख्य मार्ग पिछले 15 वर्षों से आबादी में दर्ज है और प्राधिकरण के अपने लेआउट प्लान में भी इसका जिक्र रहा है। इस दौरान प्राधिकरण खुद कई बार इस सड़क का निर्माण करा चुका है, जहाँ सीवर, पानी निकासी और बिजली के खंभे लगे हुए हैं। इसके बावजूद संशोधित लेआउट में इसे खाली जमीन दिखा दिया गया है। ग्रामीणों को डर है कि इससे उनके घर और आबादी संकट में पड़ जाएंगे।
अधिकारियों पर दबाव बनाने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण के वर्क सर्किल अधिकारी बिल्डर के पक्ष में जमीन अधिग्रहण का दबाव बना रहे हैं, जबकि ग्रामीण अपनी जमीन देने को बिल्कुल तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने स्पोर्ट्स सिटी में फंसे 40 हजार फ्लैट खरीदारों को मालिकाना हक दिलाने के लिए नियमानुसार संशोधित लेआउट पास करने के निर्देश दिए थे, लेकिन कुछ बिल्डर और अधिकारियों का सिंडिकेट इसका गलत फायदा उठाकर ग्रामीणों के हक पर डाका डालने की कोशिश कर रहा है।