नोएडा सीजेपी शिक्षा विवाद |
सरकारी स्कूलों के निरीक्षण को लेकर नोएडा में सीजेपी और शिक्षा विभाग के बीच विवाद सामने आया है। मंगलवार को निरीक्षण के लिए पहुंची सीजेपी की टीम को सर्फाबाद के सरकारी स्कूल में प्रवेश नहीं मिल सका। इसके बाद सीजेपी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के निर्देश पर स्कूलों के गेट बंद रखे गए और टीम को निरीक्षण करने से रोका गया।
वहीं, बीएसए राहुल पंवार ने स्कूल बंद करने या इस तरह का कोई आदेश जारी करने से इनकार किया है।
सर्फाबाद स्कूल का गेट नहीं खुला
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले गढ़ी चौखंडी के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। टीम के मुताबिक, यहां शौचालय खराब और गंदे मिले।
इसके बाद टीम सर्फाबाद के सरकारी स्कूल पहुंची, लेकिन स्कूल के गेट पर अंदर से ताला लगा था। शिक्षिकाओं ने गेट नहीं खोलने के निर्देश का हवाला दिया। इसके चलते सीजेपी की टीम स्कूल के अंदर प्रवेश नहीं कर सकी।
सीजेपी का दावा है कि इसके बाद टीम को अन्य स्कूलों में भी निरीक्षण के लिए प्रवेश नहीं दिया गया।
अधिकारियों के निर्देश का लगाया आरोप
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि उनकी टीम पांच स्कूलों का निरीक्षण करना चाहती थी, लेकिन गढ़ी चौखंडी के एक स्कूल के बाद अन्य स्कूलों में प्रवेश नहीं दिया गया।
उनका दावा है कि एक स्कूल के प्रधानाचार्य ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश का हवाला दिया। सीजेपी ने बाद में यह दावा भी किया कि निरीक्षण के बाद जिले के सभी सरकारी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया।
हालांकि, शिक्षा विभाग ने इस दावे पर आपत्ति जताते हुए इसे गलत बताया है।
बीएसए ने स्कूल बंद करने के आदेश से किया इनकार
बीएसए राहुल पंवार ने सीजेपी के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के सरकारी स्कूल निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित हो रहे हैं और स्कूल बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
सीजेपी की ऑडिटिंग प्रक्रिया पर भी सवाल
इस पूरे मामले में ऑल इंडिया एनपीएस फेडरेशन के अंकुर त्रिपाठी ने भी सीजेपी की ऑडिटिंग प्रक्रिया का विरोध किया है। उन्होंने इसे गलत बताते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।
फिलहाल विवाद स्कूलों के निरीक्षण के अधिकार और उसकी प्रक्रिया को लेकर बना हुआ है। सीजेपी का कहना है कि उसकी टीम को स्कूलों की वास्तविक स्थिति देखने से रोका गया, जबकि शिक्षा विभाग ने स्कूल बंद करने के आरोप को खारिज किया है।