ग्रेटर नोएडा में 20 लाख का लालच देकर ठगी |
ग्रेटर नोएडा में 20 लाख रुपये का लालच एक महिला को लाखों का नुकसान करा गया। बिसरख कोतवाली क्षेत्र में टप्पेबाजों ने एक 55 वर्षीय महिला को अपने जाल में फंसाया और उसके गले की चेन, अंगूठी समेत कई गहने उतरवाकर फरार हो गए। महिला को जब तक ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे।
मामला फ्यूजन होम्स सोसायटी का है। सोसायटी निवासी महेंद्र आर. स्वामी के मुताबिक, उनकी 55 वर्षीय मां कौशल्या स्वामी 10 जुलाई की शाम करीब 6:45 बजे घर से पानी पूरी खाने के लिए निकली थीं।
वह पास की मार्केट में पानी पूरी की दुकान पर पहुंचीं। इसी दौरान सफेद टी-शर्ट पहने एक युवक उनके पास आकर बैठ गया। थोड़ी देर बाद एक और युवक वहां पहुंचा। दोनों आपस में 20 लाख रुपये मिलने और उसे आपस में बांटने की बात करने लगे।
इसके बाद एक आरोपी ने कौशल्या को भी लालच दिया कि इस रकम में उन्हें हिस्सा दिया जाएगा। महिला उनकी बातों में आ गईं।
आरोपियों ने कहा कि आगे चलकर 20 लाख रुपये को तीन हिस्सों में बांट लिया जाएगा। इसके लिए दोनों महिला को पास के नाले के पास ले गए।
परिजनों के मुताबिक, वहां पहुंचने के कुछ देर बाद महिला को अचानक चक्कर जैसा महसूस हुआ। इसी दौरान दोनों आरोपी उनके गले की चेन, अंगूठी और अन्य गहने उतरवाकर फरार हो गए।
कुछ देर बाद जब उनकी हालत ठीक हुई तो वह घर पहुंचीं और अपने बेटे को पूरी घटना बताई।
इसके बाद परिजनों ने घटनास्थल के आसपास आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है और गहने बरामद करने की मांग की गई है।
बिसरख थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।