नोएडा सदरपुर सड़क जलभराव की समस्या |
यूपी के हाईटेक शहर नोएडा में विकास के दावों के बीच गांव क्षेत्र की बदहाल सड़कों की तस्वीर सामने आई है। मामला नोएडा के सदरपुर, सेक्टर-45 में चेतराम गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास माता मंदिर वाली गली का है। यह गली जेपिटो वेयरहाउस के पीछे स्थित है, जहां सड़क पर पानी भरा होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर जलभराव के कारण रोजाना छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। इसके अलावा मजदूरों और दूसरे राहगीरों को भी इसी रास्ते से पानी के बीच होकर गुजरना पड़ता है।
सड़क पर पानी भरने से लोगों की परेशानी
बताया जा रहा है कि सदरपुर इलाके में कई भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और नेताओं के मकान भी मौजूद हैं। इसके बावजूद इस गली की बदहाल स्थिति पर अब तक पर्याप्त ध्यान नहीं दिए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि नोएडा जैसे शहर में जहां विकास की बातें लगातार की जाती हैं, वहीं गांव क्षेत्र की कई सड़कों की स्थिति अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है।
अधिकारियों के निरीक्षण पर उठ रहे सवाल
स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठ रहे हैं कि नोएडा प्राधिकरण के जिम्मेदार अधिकारी ऐसी समस्याओं का मौके पर जाकर निरीक्षण क्यों नहीं कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि अगर समय-समय पर क्षेत्र का जायजा लिया जाए तो सड़क और जलभराव जैसी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।
अब सवाल यह है कि सदरपुर की इस गली की बदहाल सड़क और जलभराव की समस्या पर नोएडा प्राधिकरण कब ध्यान देता है और स्थानीय लोगों को राहत कब मिलती है।