तुस्याना में चोरी की बिजली से चल रही फैक्ट्री पकड़ |
ग्रेटर नोएडा। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (NPCL) की टीम ने तुस्याना गांव में बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान एक परिसर में बिना मीटर के अवैध तरीके से बिजली इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि इसी चोरी की बिजली से परिसर के अंदर एक फैक्ट्री भी चलाई जा रही थी।
एनपीसीएल की विजिलेंस टीम ने जांच के दौरान परिसर में करीब 29 किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी।
जांच के दौरान NPCL टीम पर हमला
एनपीसीएल की टीम जब परिसर में जांच कर रही थी, तभी वहां मौजूद 10 से 12 लोगों ने कथित तौर पर टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि टीम के सदस्यों के साथ मारपीट भी की गई।
घटना के बाद एनपीसीएल ने टीम पर हमला करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं बिजली चोरी के मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विद्युत अधिनियम, 2003 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अब तक बिजली चोरी के करीब 4 हजार मामले
एनपीसीएल के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग गांवों में बिजली चोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
1 अप्रैल 2026 से अब तक करीब 4,000 बिजली चोरी के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इस दौरान एनपीसीएल की टीम ने करीब 18,000 किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी है।
इसके अलावा बिजली चोरी के मामलों में 500 से ज्यादा लोगों के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई गई है।
एनपीसीएल की ओर से बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।