ग्रेटर नोएडा पुलिस ने 104 मोबाइल लौटाए |
ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्री रवि शंकर निम के नेतृत्व में चलाए जा रहे "मिशन सहयोग" के तहत ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
सर्विलांस सेल, ग्रेटर नोएडा पुलिस ने सर्विलांस और CEIR पोर्टल की मदद से गुम हुए अलग-अलग कंपनियों के 104 कीमती स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, ये मोबाइल फोन अलग-अलग परिस्थितियों में लोगों से गुम हो गए थे। कई फोन भीड़भाड़ वाली जगहों, साप्ताहिक बाजारों, दोपहिया वाहन चलाते समय या सुबह-शाम टहलने के दौरान गिर गए थे। इसके अलावा कुछ मोबाइल ऑटो, टैक्सी, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा में सफर के दौरान छूट गए थे।
इन सभी मोबाइल फोनों के संबंध में ग्रेटर नोएडा जोन के अलग-अलग थानों में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद सर्विलांस सेल ने तकनीकी जांच और CEIR पोर्टल की सहायता से मोबाइल फोनों को ट्रेस कर बरामद किया।
19 सितंबर 2026 को पुलिस ने बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।
मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद लोगों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार जताया और पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की।