नोएडा लाखों की चोरी खुलासा |
नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने घर से लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी होने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया है। उसके पास से करीब ₹16 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और ₹1,09,650 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-39 में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली। इसके बाद 22 सितंबर को एक बाल अपचारी को सेक्टर-47/48 से नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषणों में एक हार, दो कंगन, दो मंगलसूत्र, तीन चेन, एक मांग टीका, एक नथुनी, दो अंगूठियां, एक ओम पेंडेंट, तीन जोड़ी झुमके और तीन जोड़ी पाजेब शामिल हैं। इसके अलावा काली-सफेद धातु के एक जोड़ी कंगन, चेन सहित एक लॉकेट और ₹1,09,650 नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 463/2026, धारा 305(a) और 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।