ग्रेटर नोएडा पार्किंग विवाद |
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रविवार रात पार्किंग से गाड़ी निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया।
मामला बिसरख थाना क्षेत्र में युफेरिया मॉल के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सड़क पर एक गाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान गाड़ी निकालने को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। कुछ देर बाद विवाद बढ़ गया और मौके पर पहुंचे एक दरोगा के साथ भी कुछ युवकों ने धक्का-मुक्की कर दी।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक दरोगा के साथ धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक दरोगा से पैरों पर गिरकर माफी मांगने की बात कहता नजर आता है।
वहीं, एक महिला ने भी उसके साथ अभद्रता और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस ने महिला से अभद्रता और थप्पड़ मारने के आरोप को गलत बताया है।
पुलिस के मुताबिक, पार्किंग से गाड़ी निकालने को लेकर विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस दोनों पक्षों को चौकी लेकर पहुंची, जहां बाद में दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया। किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग नहीं की।