नोएडा में पार्सल की आड़ में गांजा तस्करी का खुलासा |
नोएडा में ई-कॉमर्स पार्सल की आड़ में गांजे की तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक डिलीवरी बॉय और दूसरा दिल्ली एयरपोर्ट पर टेक्निकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत व्यक्ति है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी व्हाट्सएप के जरिए गांजे के ऑर्डर लेते थे और कॉलेज, हॉस्टल, पीजी और फ्लैटों में रहने वाले युवाओं तक इसकी सप्लाई करते थे।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-57 स्थित रेडिसन कट के पास चेकिंग के दौरान सुमित राघव नाम के युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से Amazon-in लिखे प्रिंटेड पैकेट मिले। इन पैकेटों में 25 से 30 ग्राम गांजे के छोटे-छोटे पैकेट रखे हुए थे।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि इस नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड मनीष कुमार झा है, जो दिल्ली एयरपोर्ट पर टेक्निकल इंजीनियर के पद पर काम करता है। पुलिस का दावा है कि मनीष नॉर्थ ईस्ट से गांजे की खेप मंगवाता था और फिर दिल्ली-एनसीआर में इसकी सप्लाई करवाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप और लोकेशन के जरिए ऑनलाइन ऑर्डर लेते थे। इसके बाद डिलीवरी बॉय तय जगह पर गांजे का पार्सल पहुंचाता था। इस काम के लिए सुमित को हर पार्सल पर 200 से 250 रुपये मिलते थे।
पुलिस ने सुमित की निशानदेही पर सेक्टर-56 के पास से मनीष कुमार झा को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 12 किलो 200 ग्राम गांजा, एक स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल फोन और Amazon-in लिखे प्रिंटेड पैकेट बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
हैशटैग