सेक्टर-96 स्थित नोएडा अथॉरिटी कार्यालय में सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्यालय की लिफ्ट के पास छत से अचानक पत्थर और प्लास्टर के टुकड़े गिरने लगे, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय एक कर्मचारी लिफ्ट की ओर जा रहा था। तभी उसके पास पत्थर गिरने लगे। गनीमत रही कि वह समय रहते पीछे हट गया और बाल-बाल बच गया। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो गंभीर हादसा हो सकता था।
घटना के बाद कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। उन्होंने भवन की स्थिति पर चिंता जताते हुए तत्काल निरीक्षण और मरम्मत की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी की जान भी जा सकती है।
फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। कर्मचारियों ने नोएडा अथॉरिटी से भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।