Friday, November 13, 2026 01:47:06 PM

भाजपा नोएडा एमएलसी चुनाव तैयारी
शिक्षक और स्नातक MLC चुनाव की तैयारी में जुटी BJP नोएडा महानगर, मतदाता संपर्क अभियान तेज करने पर जोर

शिक्षक और स्नातक MLC चुनाव को लेकर BJP नोएडा महानगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 16 अक्टूबर को गाजियाबाद में CM योगी आदित्यनाथ मतदाताओं की बैठक को संबोधित करेंगे।

शिक्षक और स्नातक mlc चुनाव की तैयारी में जुटी bjp नोएडा महानगर मतदाता संपर्क अभियान तेज करने पर जोर
भाजपा नोएडा एमएलसी चुनाव तैयारी |

नोएडा: आगामी शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद (MLC) चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी नोएडा महानगर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। महानगर अध्यक्ष महेश चौहान के नेतृत्व में हुई इस बैठक में भाजपा के जिला प्रभारी डी.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में चुनाव की तैयारियों, मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने, मतदाता सूची के सत्यापन और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी डी.के. शर्मा ने कहा कि शिक्षक और स्नातक MLC चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभी से पूरी सक्रियता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखें और मतदान के दिन उन्हें अपने निर्धारित मतदान केंद्र तक पहुंचकर मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करें।

डी.के. शर्मा ने कहा कि शिक्षक और स्नातक वर्ग समाज का जागरूक वर्ग है। कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाना चाहिए।

उन्होंने बूथ स्तर पर आपसी समन्वय मजबूत करने, मतदाता सूची की जांच करने, नए मतदाताओं को जोड़ने और उनसे संपर्क स्थापित करने पर भी जोर दिया।

16 अक्टूबर को डासना में होगी मतदाताओं की बैठक

जिला प्रभारी डी.के. शर्मा ने बताया कि 16 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे गाजियाबाद के डासना स्थित सुंदरदीप कॉलेज में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं की बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे।

उन्होंने नोएडा महानगर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की।

महेश चौहान बोले- एकजुटता से मिलेगी सफलता

भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने कहा कि संगठन आगामी शिक्षक एवं स्नातक MLC चुनावों की तैयारियों को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारियों को अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने की अपील की।

महेश चौहान ने कहा कि चुनाव में बेहतर परिणाम के लिए आपसी तालमेल, नियमित जनसंपर्क और संगठन के अभियानों को प्रभावी तरीके से चलाना जरूरी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर तय लक्ष्यों को पूरा करने का आह्वान किया।

क्षेत्रवार जिम्मेदारियों पर भी हुई चर्चा

बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर क्षेत्रवार जिम्मेदारियां तय करने, मतदाता संपर्क अभियान तेज करने, मतदाता सूची का सत्यापन करने और बूथ स्तर पर समन्वय बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

इस बैठक में जिला महामंत्री अमित त्यागी, चंदगीराम यादव, ओमवीर अवाना, चुनाव संयोजक सुशील शर्मा, युद्धवीर चौहान, संजय बाली, गिरिजा सिंह, डिंपल आनंद, महेश अवाना, राजेंद्र अवाना, उमेश त्यागी, अशोक मिश्रा, राजकुमार बंसल, पंकज झा, मीनाक्षी चौहान, प्रज्ञा शर्मा, पुष्पा रावत, मुक्तानंद प्रधान, रामनिवास यादव, अजय वाल्मीकि, भूपेश चौधरी, उमेश यादव, नीरज चौधरी, सत्यनारायण महावर, प्रदीप चौहान, रामकिशन यादव, दीनबंधु कुमार, मनोज चौहान, एस.पी. चमोली, रुचि चौहान, सुनीता शर्मा, अनुभूति टंडन, दीपाली दीक्षित, रोशनी सिंह, दीपक शर्मा, देवेंद्र शर्मा, पी.सी. पंचोली, एडवोकेट रीना गुप्ता, विनोद पारीक, प्रवीण झा और गोपाल गौड़ समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें