डेल्टा-1 मेट्रो पर अतिक्रमण |
सेक्टर डेल्टा-1 में मेट्रो स्टेशन के नीचे रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के अतिक्रमण को लेकर स्थानीय लोगों की नाराजगी बढ़ गई है। सेक्टर की आरडब्ल्यूए ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि के नाम ज्ञापन सौंपकर अवैध अतिक्रमण को जल्द हटाने की मांग की है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने बताया कि डेल्टा-1 मेट्रो स्टेशन के पास सेक्टर का मुख्य प्रवेश द्वार है। लेकिन काफी समय से रेहड़ी-पटरी लगाने वालों ने फुटपाथ और सड़क के बड़े हिस्से पर कब्जा कर रखा है। इसके कारण सुबह और शाम के समय लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। अक्सर यहां ट्रैफिक जाम लगता है और कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
आरडब्ल्यूए का आरोप है कि रेहड़ी-पटरी के कारण वहां अवैध टैक्सी स्टैंड भी बन गया है। लोग सड़क पर वाहन खड़े कर खाना खाते हैं और खुले में शराब पीते हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इलाके में स्मैक, गांजा जैसे नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें भी मिल रही हैं, जिससे आसपास का माहौल खराब हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थिति से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से मांग की है कि मेट्रो स्टेशन परिसर से सभी अवैध रेहड़ी-पटरी हटाकर क्षेत्र को साफ, सुरक्षित और जाम मुक्त बनाया जाए, ताकि सेक्टरवासियों को राहत मिल सके।