नोएडा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव |
नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सेक्टर-69 स्थित गढ़ी गोलचक्कर के पास दंगल पार्क में बुधवार को 23 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। पार्क में शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना फेस-3 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार 4 नवंबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गढ़ी गोलचक्कर के पास स्थित दंगल पार्क में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद थे।
फर्रुखाबाद का रहने वाला था मृतक
पुलिस ने मृतक की पहचान प्रभाकर पुत्र रामकिशन लाल के रूप में की है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम गुढेरा का निवासी था। फिलहाल वह नोएडा के सेक्टर-69 स्थित गढ़ी चौखंडी में रह रहा था। मृतक की उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है।
फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, मामले में सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।