Friday, November 13, 2026 08:18:02 PM

लिफ्ट देकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
नोएडा में लिफ्ट देकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल; चार गिरफ्तार

नोएडा पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने नकदी, गहने और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए लूट करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को पकड़ा। मुठभेड़ में दो घायल हुए।

नोएडा में लिफ्ट देकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश मुठभेड़ में दो बदमाश घायल चार गिरफ्तार
लिफ्ट देकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश |

नोएडा में कार में लिफ्ट देने के बहाने लोगों को लूटने वाले गिरोह के चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रविवार देर रात बहलोलपुर अंडरपास के पास सेक्टर-63 थाना पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को मौके से पकड़ लिया गया।

डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह के मुताबिक, पुलिस टीम सेक्टर-62 गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बुलेट और अपाचे बाइक पर सवार चार संदिग्ध तेजी से आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर चारों ने बचकर निकलने की कोशिश की। शक होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया। बहलोलपुर अंडरपास के पास खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी।

घायल बदमाशों की पहचान दिल्ली के मीठापुर गांव निवासी विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू और नोएडा के बसई गांव निवासी राजेश उर्फ ढेड़ा के रूप में हुई है। वहीं, उनके दो अन्य साथियों की पहचान ग्रेटर नोएडा के सुत्याना गांव निवासी शंकर शर्मा और नोएडा के बसई गांव निवासी कपिल कश्यप के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस, दो चाकू और चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। पूछताछ में सामने आया कि विकास इस गिरोह का सरगना है और सेक्टर-20 थाने का गैंगस्टर भी है।

लिफ्ट देने के बहाने बनाते थे शिकार

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपने वाहन में बैठाते थे। इसके बाद सुनसान रास्ते पर ले जाकर उनसे नकदी और गहने लूट लेते थे। आरोप है कि वे लोगों से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कराते थे और फिर उन्हें सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो जाते थे।

हाल ही में आरोपियों ने सेक्टर-62 से एक व्यक्ति को लिफ्ट देने के बहाने वाहन में बैठाकर उसके साथ लूटपाट की थी। पुलिस के मुताबिक, विकास पर गैंगस्टर एक्ट, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 22 मुकदमे दर्ज हैं। राजेश पर 18, शंकर पर 10 और कपिल पर दो मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें