नोएडा में एंबुलेंस के लिए ऑपरेशन फास्ट |
सड़क पर जाम में फंसी एंबुलेंस किसी मरीज के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। कई बार समय पर अस्पताल पहुंचना जिंदगी और मौत का सवाल बन जाता है। इसी को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने 'ऑपरेशन फास्ट' शुरू किया है। इसके तहत गंभीर मरीजों, सड़क हादसों में घायल लोगों और ट्रामा के मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस को जाम से निकालने के लिए खास व्यवस्था की जाएगी।
इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम में 24 घंटे काम करने वाला एंबुलेंस ट्रैफिक सुविधा सेल बनाया जा रहा है। पुलिस ने इसके लिए 9218981716 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। जिले के बड़े अस्पतालों को इस व्यवस्था से जोड़ा गया है और उन्हें भी हेल्पलाइन नंबर दिया गया है।
ऐसे काम करेगा ऑपरेशन फास्ट
अगर किसी गंभीर मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस को ट्रैफिक की मदद चाहिए, तो अस्पताल का कंट्रोल रूम या एंबुलेंस कर्मचारी हेल्पलाइन पर सूचना दे सकेंगे। इसके लिए एंबुलेंस की लोकेशन, अस्पताल का पता और जाने वाले रास्ते की जानकारी देनी होगी।
सूचना मिलते ही ट्रैफिक कंट्रोल रूम रास्ते में तैनात पुलिसकर्मियों को अलर्ट करेगा। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही चौराहों पर ट्रैफिक रोककर रास्ता खाली कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक सिग्नल में बदलाव किया जाएगा। दूसरे वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। साथ ही पीए सिस्टम से लोगों को रास्ता खाली करने की सूचना दी जाएगी।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में शुरू हुई इस पहल को डीसीपी मुख्यालय शैव्या गोयल और डीसीपी यातायात सैयद अली अब्बास ने तैयार किया है। इसका खास मकसद हार्ट अटैक, अंग प्रत्यारोपण, ज्यादा खून बहने और गंभीर सड़क हादसों जैसे मामलों में मरीजों को बिना देरी अस्पताल पहुंचाना है।
ट्रायल में 10 मिनट में पहुंची एंबुलेंस
यातायात पुलिस इस व्यवस्था का ट्रायल भी कर चुकी है। ट्रायल के दौरान खाली एंबुलेंस को चिल्ला बॉर्डर से मैक्स अस्पताल और फोर्टिस अस्पताल तक 10 मिनट में पहुंचाया गया। यह पहल जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना से भी जुड़ी है।