नोएडा की दो फैक्ट्रियों में आग
|
नोएडा। सेंट्रल नोएडा में शुक्रवार देर रात आग की दो घटनाएं सामने आईं। पहली घटना बादलपुर थाना क्षेत्र के धूम मानिकपुर की है, जहां पेंट बनाने वाली एक केमिकल फैक्ट्री में रात करीब 2 बजे अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। फैक्ट्री के अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों और अन्य लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है।
21 दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग
आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री परिसर में खड़े कुछ वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, आग बुझाने के लिए कुल 21 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।
फैक्ट्री में केमिकल और पेंट से जुड़ी सामग्री मौजूद होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 3 से 4 घंटे की लगातार कोशिश के बाद आग को पूरी तरह बुझाया जा सका।
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के सही कारण और फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। फायर विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं।
सेक्टर-10 की फैक्ट्री में भी लगी आग
आग लगने की दूसरी घटना थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-10 में सामने आई। यहां एक फैक्ट्री की दूसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई।
धुआं और आग की लपटें दिखाई देने के बाद आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे लोगों को बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना में फैक्ट्री के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आग किस कारण लगी और कुल कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।