सेक्टर 104 बुलडोजर कार्रवाई |
नोएडा के सेक्टर-104 हाजीपुर में खसरा नंबर-412 पर बने कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई बुलडोजर कार्रवाई में इमारत का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा तोड़ दिया गया। करीब ढाई घंटे बाद, दोपहर 1:30 बजे कार्रवाई रोक दी गई। इसके बाद बुलडोजर, पुलिस और प्राधिकरण की टीम मौके से वापस लौट गई।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स समिट और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए फिलहाल कार्रवाई रोकने का फैसला लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बाकी बची इमारत को दो दिन बाद ध्वस्त किया जाएगा।
करीब 7,950 वर्गमीटर जमीन पर बने इस कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को लेकर पिछले तीन साल से कानूनी विवाद चल रहा था। हाल ही में कोर्ट ने प्राधिकरण के खिलाफ जारी एकपक्षीय स्थगनादेश को खारिज कर दिया था। इसके बाद प्राधिकरण के लिए कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया।
प्राधिकरण की टीम से पहले भी हुआ था टकराव
यह वही इमारत है, जिसका निर्माण रोकने पहुंची वर्क सर्कल-8 की टीम के साथ पिछले दिनों टकराव हुआ था। आरोप है कि भूमाफिया ने प्राधिकरण की टीम को घेर लिया था। प्रबंधक को इमारत के अंदर घसीटकर ले जाने की चर्चा भी सामने आई थी।
प्राधिकरण के अनुसार, खसरा नंबर-412 की जमीन साल 2002 में अधिग्रहित की जा चुकी थी। इसके बावजूद साल 2023 में यहां चार मंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू किया गया।
तीन साल तक कोर्ट के आदेश के चलते रुकी रही कार्रवाई
अप्रैल 2023 में संबंधित पक्षों को कोर्ट से प्राधिकरण के खिलाफ एकपक्षीय स्थगनादेश मिल गया था। इसी वजह से करीब तीन साल तक कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।
हाल ही में अपर सिविल जज सीनियर डिविजन की कोर्ट ने स्थगनादेश को खारिज कर दिया। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण ने कार्रवाई की तैयारी शुरू की और शुक्रवार को कॉम्प्लेक्स के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की गई।