Saturday, September 05, 2026 01:41:41 AM

नोएडा में इस्कॉन की भव्य शोभायात्रा
इस्कॉन नोएडा की भव्य शोभायात्रा, सड़कों पर गूंजा हरे कृष्ण महामंत्र

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर इस्कॉन नोएडा ने भव्य शोभायात्रा निकाली। करीब 2,000 भक्त शामिल हुए और 5,000 लोगों को हलवा प्रसाद बांटा गया। रास्तेभर हरे कृष्ण महामंत्र का कीर्तन गूंजता रहा।

इस्कॉन नोएडा की भव्य शोभायात्रा सड़कों पर गूंजा हरे कृष्ण महामंत्र
नोएडा में इस्कॉन की भव्य शोभायात्रा |

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर इस्कॉन नोएडा की ओर से रविवार, 23 अगस्त को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हरिनाम संकीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से नोएडा की सड़कें भक्तिमय नजर आईं। शोभायात्रा में करीब 2,000 भक्तों ने हिस्सा लिया।

शोभायात्रा की शुरुआत शाम 3:30 बजे सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारे से हुई। इसके बाद यात्रा अट्टा मार्केट, सब मॉल, डीएम चौक, स्टेडियम, चौड़ा चौक और अडोब चौक होते हुए शाम 6:30 बजे सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन नोएडा मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

शोभायात्रा के लिए विशेष रूप से एक संकीर्तन रथ तैयार किया गया था। इसे खूबसूरती से सजाया गया था और रथ पर राधा-कृष्ण के श्रीविग्रह विराजमान थे। रास्तेभर भक्त हरे कृष्ण महामंत्र का कीर्तन करते हुए आगे बढ़े और कीर्तन की धुन पर नृत्य भी किया। कई स्थानीय लोग और राहगीर भी भक्तों के साथ झूमते नजर आए।

जगह-जगह हुआ स्वागत

शोभायात्रा के स्वागत के लिए कई जगह रंगोली बनाई गई। स्थानीय लोगों ने भक्तों को फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और अलग-अलग तरह के व्यंजन भी अर्पित किए।

यात्रा के दौरान करीब 5,000 लोगों को हलवा प्रसाद बांटा गया। इसके साथ ही भक्तों ने लोगों के बीच भगवद्गीता, रामायण और अन्य आध्यात्मिक पुस्तकों का भी वितरण किया। यात्रा में शामिल लोगों के लिए मुफ्त पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई थी।

मंदिर पहुंचने के बाद सभी भक्तों ने डिनर प्रसाद ग्रहण किया।

इस्कॉन नोएडा ने बताया कि इस आयोजन में नोएडा पुलिस और नोएडा अथॉरिटी का विशेष सहयोग मिला, जिससे यात्रा व्यवस्थित तरीके से पूरी हुई।

शोभायात्रा का उद्देश्य नोएडावासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना, भगवान श्रीकृष्ण का संदेश लोगों तक पहुंचाना और हर घर तक भगवान के नाम का संकीर्तन पहुंचाना था।

इस्कॉन नोएडा ने सभी लोगों से आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव में परिवार के साथ शामिल होने की अपील की है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें