नोएडा हाजीपुर अवैध मॉल ध्वस्त |
नोएडा प्राधिकरण ने कानूनी अड़चन दूर होते ही शुक्रवार को भू-माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सेक्टर-104 स्थित हाजीपुर के खसरा नंबर-412 में प्राधिकरण की अधिग्रहित जमीन पर बनाए जा रहे अवैध मॉल और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त कर दिया गया।
इस कार्रवाई में भारी-भरकम बेसमेंट समेत पूरे निर्माण को गिराने के लिए 7 जेसीबी और बुलडोजर लगाए गए। यह कार्रवाई इसलिए भी खास रही, क्योंकि इससे पहले इस अवैध निर्माण को गिराने पहुंची प्राधिकरण की टीम पर जानलेवा हमला किया जा चुका था।
2024 में टीम पर हुआ था हमला
6 जुलाई 2024 को नोएडा प्राधिकरण की टीम अवैध निर्माण को गिराने पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने टीम पर हमला कर दिया था। दो लोगों ने खुद पर और प्राधिकरण के इंजीनियर दीपक कुमार और रोहित सिंह पर डीजल डालकर आत्मदाह और हत्या की कोशिश की थी। इस घटना के बाद उस समय कार्रवाई रोकनी पड़ी थी।
2023 में शुरू हुआ था अवैध निर्माण
निश्याम बिल्डकान और हिमश्री हिमालय बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड ने प्राधिकरण की अधिग्रहित जमीन पर वर्ष 2023 में अवैध कमर्शियल निर्माण शुरू किया था।
नोएडा प्राधिकरण ने जब निर्माण रोकने की कोशिश की तो बिल्डर पक्ष अदालत पहुंच गया। इसके बाद 12 अप्रैल 2023 को एकपक्षीय स्थगनादेश यानी स्टे ऑर्डर हासिल कर लिया गया।
करीब तीन साल तक यह कानूनी विवाद चला। आखिरकार गौतमबुद्धनगर की अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत ने बिल्डर के पक्ष में जारी स्टे ऑर्डर को खारिज कर दिया। कानूनी रास्ता साफ होते ही नोएडा प्राधिकरण ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी।
100 करोड़ से ज्यादा की जमीन कराई मुक्त
शुक्रवार सुबह कार्रवाई की अनुमति मिलते ही नोएडा प्राधिकरण की टीम भारी पुलिस बल के साथ सेक्टर-104 के हाजीपुर पहुंची। इसके बाद बेसमेंट, पिलर, छत और स्लैब समेत पूरे निर्माणाधीन ढांचे को कुछ ही घंटों में ध्वस्त कर दिया गया।
इस कार्रवाई से 7,950 वर्गमीटर जमीन, जिसकी कीमत 100 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है, को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।
कार्रवाई का नेतृत्व भूलेख विभाग की ओएसडी हर्षिता तिवारी, ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, महाप्रबंधक सिविल अशोक कुमार अरोड़ा और वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार ने किया।
ध्वस्तीकरण के दौरान कुछ लोगों ने दोबारा विरोध करने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के कारण उनकी कोशिश सफल नहीं हुई। विरोध करने वालों को मौके से हटा दिया गया।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने साफ कहा है कि सरकारी और अधिग्रहित जमीन पर भू-माफियाओं का किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।