परी चौक बस अड्डे पर सवाल |
ग्रेटर नोएडा में महज दो सप्ताह के अंदर बस में आग लगने की दूसरी घटना सामने आई है। सितंबर में यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, मंगलवार को हुई बस में आग की घटना में किसी की जान तो नहीं गई, लेकिन यात्रियों का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
इन घटनाओं के बाद अब शहर के मुख्य द्वार कहे जाने वाले परी चौक पर चल रहे कथित अवैध बस अड्डे को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यहां से रोजाना करीब 70 से 80 बसें उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और कई अन्य राज्यों के लिए चलती हैं।
इन बसों से रोजाना करीब 4 हजार यात्री सफर करते हैं। यात्रियों से रूट के हिसाब से 500 से 2 हजार रुपये तक किराया लिया जाता है। खबर के मुताबिक, इस हिसाब से बस संचालकों की रोजाना करीब 60 लाख रुपये की कमाई और महीने में करीब 18 करोड़ रुपये का कारोबार बताया जा रहा है।
परी चौक से राज कल्पना ट्रैवल्स, कल्पना ट्रैवल्स और प्रिया ट्रेवल्स समेत कई कंपनियों की बसें संचालित होती हैं। ये बसें लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, आगरा, बलिया, झांसी, ग्वालियर, बांदा, महोबा, हमीरपुर, उरई, राठ, चरखारी, बेलाताल समेत कई शहरों तक जाती हैं।
इसके अलावा पटना, मुजफ्फरपुर, हरिद्वार और देहरादून जैसे शहरों के लिए भी बसें चलती हैं। आरोप है कि कई बसों में क्षमता से ज्यादा यात्रियों को बैठाया जाता है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
परमिट और फिटनेस की जांच पर भी सवाल
परी चौक से चलने वाली बसें कई जिलों, मंडलों और राज्यों की सीमाएं पार करती हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि परिवहन विभाग की जांच के दौरान इन बसों के परमिट, फिटनेस, टैक्स, यात्री क्षमता और माल लोडिंग की जांच कितनी गंभीरता से की जाती है।
आरोप है कि बसें लगातार अलग-अलग जिलों और राज्यों की सीमाएं पार करती रहती हैं, लेकिन हादसा होने के बाद ही कार्रवाई की चर्चा तेज होती है।
अब बड़ा सवाल यही है कि क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है, या परी चौक से संचालित इन बसों की सुरक्षा और नियमों की जांच पहले ही सख्ती से की जाएगी?